Logo
Header
img

मुख्यमंत्री शिवराज ने स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय को किया नमन

भोपाल, 28 जनवरी (हि.स.)। पंजाब केसरी के नाम से प्रसिद्ध, स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारी लाला लाजपत राय की आज शनिवार को जयंती है। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें स्मरण कर नमन किया है। मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट कर अपने संदेश में लिखा ‘देशभक्ति का निर्माण न्याय और सत्य की दृढ़ चट्टान पर ही किया जा सकता है- लाला लाजपत राय। प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी,पंजाब केसरी लाला लाजपत राय जी की जयंती पर प्रणाम करता हूँ। असंख्य आहुतियों की दीपमालिकाओं से सुसज्ज यह भारत भूमि सदैव आपकी कीर्ति कौमुदी के अमृत से अभिसिंचित रहेगी। प्रथम फील्ड मार्शल केएम करीअप्पा को भी जयंती पर किया नमन एक अन्य ट्वीट कर मुख्यमंत्री चौहान ने भारत के प्रथम फील्ड मार्शल के एम करीअप्पा को जयंती पर नमन किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा ‘1947 के भारत-पाक युद्ध में अपने कौशल और रणनीतियों से पाकिस्तान को नाकों चने चबवाने वाले, भारत के प्रथम फील्ड मार्शल के एम करीअप्पा जी की जयंती पर कोटि कोटि नमन करता हूं। राष्ट्र की सेवा व सुरक्षा के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन होम कर देने वाले सपूत के रूप में देश आपको सदैव याद करेगा।
Top