Logo
Header
img

रॉयल सऊदी नौसेना प्रमुख भारत यात्रा पर, गार्ड ऑफ ऑनर देकर हुआ स्वागत

रॉयल सऊदी नौसेना बलों के चीफ ऑफ स्टाफ एडमिरल फहद अब्दुल्ला एस अल-घोफैली चार दिवसीय आधिकारिक भारत यात्रा पर बुधवार को नई दिल्ली पहुंचे। उन्होंने गुरुवार को भारतीय नौसेना स्टाफ के प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार से मुलाकात करके दोनों देशों की नौसेनाओं के सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की। साउथ ब्लॉक लॉन में औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर के साथ उनका स्वागत किया गया। रॉयल सऊदी नौसेना बल के चीफ ऑफ स्टाफ एडमिरल फहद अब्दुल्ला एस अल-घोफैली 13 जनवरी तक भारत की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। उनकी यह यात्रा सऊदी अरब और भारत की नौसेनाओं के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों का प्रमाण है। भारतीय नौसेना विभिन्न पहलों के माध्यम से रॉयल सऊदी नौसेना बल के साथ सहयोग करती है, जिसमें द्विपक्षीय नौसैनिक अभ्यास अल मोहम्मद अल हिंदी, प्रशिक्षण और अन्य समुद्री रास्ते जैसी परिचालन बातचीत शामिल है। भारतीय नौसेना के जहाज नियमित रूप से सऊदी अरब के विभिन्न बंदरगाहों पर पोर्ट कॉल कर रहे हैं। भारतीय नौसेना विभिन्न बहुपक्षीय मंचों पर रॉयल सऊदी नौसेना बल के साथ भी बातचीत कर रही है। दोनों नौसेनाएं हिंद महासागर नौसेना संगोष्ठी, समुद्री अभ्यास मिलन, संयुक्त समुद्री बल और जिबूती आचार संहिता-जेद्दा संशोधन के जरिये क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा के लिए एक-दूसरे का समर्थन कर रही हैं। एडमिरल फहद अब्दुल्ला एस अल-घोफैली अपनी यात्रा के दौरान चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, रक्षा सचिव, चीफ ऑफ एयर स्टाफ और वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के साथ बातचीत भी करेंगे। एडमिरल फहद बिन अब्दुल्ला ने आज रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने से मुलाकात की। इस यात्रा के दौरान एडमिरल गुरुग्राम में आईएफसी-आईओआर और कोच्चि में दक्षिणी नौसेना कमान का भी दौरा करेंगे। रॉयल सऊदी नौसेना बलों के चीफ ऑफ स्टाफ की मौजूदा यात्रा का उद्देश्य दोनों नौसेनाओं के बीच नौसैनिक सहयोग को बढ़ाना है। उनकी यह यात्रा हिंद महासागर क्षेत्र में साझा समुद्री चुनौतियों का समाधान करने के लिए दो मैत्रीपूर्ण समुद्री पड़ोसियों की प्रतिबद्धता की भावना को उजागर करती है।
Top