चित्तौड़ दुर्ग में आज शाम प्रोजेक्शन मैपिंग शो में होगी प्रधानमंत्री के 'मन की बात' की गूंज
चित्तौड़गढ़ (राजस्थान), 29 अप्रैल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम के 100वें एपिसोड के प्रसारण की पूर्व संध्या पर आज शाम (शनिवार) यहां चित्तौड़ दुर्ग में अत्याधुनिक प्रोजेक्शन मैपिंग शो का आयोजन किया जाएगा। इस शो में 'मन की बात' की गूंज होगी। संस्कृति मंत्रालय ने इस शो के लिए देश के 13 प्रतिष्ठित स्मारकों और स्थानों का चयन किया है।
इन स्थानों में लाल किला दिल्ली, ग्वालियर का किला (मध्य प्रदेश), 3.कोणार्क सूर्य मंदिर (ओडिशा), तेलंगाना का गोलकुंडा किला, तमिलनाडु का वेल्लोर किला, गेटवे ऑफ इंडिया (महाराष्ट्र), झारखंड का नव रतनगढ़ किला, उधमपुर का रामनगर पैलेस, रेजीडेंसी बिल्डिंग (उत्तर प्रदेश), गुजरात का मोढेरा सूर्य मंदिर, असम का रंगघर, चित्तौड़गढ़ किला और नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय शामिल है।
संस्कृति मंत्रालय ने चित्तौड़गढ़ के कुंभामहल में अत्याधुनिक प्रोजेक्शन मैपिंग शो की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस आयोजन की शुरुआत शाम पांच बजे होगी। इस शो में चित्तौड़ दुर्ग की गौरव गाथा प्रस्तुत की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी आर्कोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया और वेस्ट जोन कल्चरल सेंटर उदयपुर को दी गई।
कुंभामहल में बड़ा सेटअप तैयार किया गया। एक बड़ा रेडियो भी लगाया गया है। करीब एक हजार लोगों के इस शो में पहुंचने की संभावना है। चित्तौड़ के वरिष्ठ संरक्षण सहायक प्रेमचंद शर्मा और सांसद सीपी जोशी तैयारियों का जायजा ले चुके हैं।