Logo
Header
img

मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने वाल्मीकि मंदिर में चलाया स्वच्छता अभियान

क्षेत्रीय विधायक व मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने यहां त्रिकालदर्शी भगवान वाल्मीकि मंदिर में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान डॉ अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं के साथ मंदिर परिसर की साफ-सफाई कर जय श्रीराम के जयकारे लगाए। स्वच्छता अभियान चलाकर डॉ अग्रवाल ने कहा कि अयोध्या में 22 जनवरी को भगवान श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर भारतीय जनता पार्टी देशभर में मकर संक्रांति से कार्यक्रम आयोजित कर रही है। डॉ अग्रवाल ने कहा कि श्रीराम सभी भारतवासियों के आदर्श हैं। 500 साल के लंबे संघर्षों एवं कई बलिदानों के बाद सत्य सनातन धर्म के प्रभु श्रीराम अयोध्या में बन रहे भव्य दिव्य नव्य मंदिर में 22 जनवरी को विराजमान होंगे। यह हर भारतीय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हमेशा लोगों के हितों और श्रद्धा को ध्यान में रखते हुए कार्य किया है। डॉ अग्रवाल ने कहा कि भगवान राम के जीवन की एक-एक घटना और उनका प्रत्येक निर्णय हमें एक आदर्श व्यक्ति बनाने के लिए काफी है। श्रीराम शांति के स्वरूप भी हैं और शक्ति के भी। यह बड़े सौभाग्य की बात है कि हम सभी 22 जनवरी को उस घड़ी के साक्षी होने जा रहे हैं, जब रामलला अपने जन्मस्थान में विराजित होंगे। इस दौरान उन्होंने आमजनमानस को प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद स्वरूप पूजित अक्षत एवं श्रीराम मंदिर का चित्र भी वितरित किया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष सुमित पंवार, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा कविता शाह, महामंत्री नितिन सक्सेना, निवर्तमान पार्षद शिव कुमार गौतम समेत अन्य उपस्थित थे।
Top