Logo
Header
img

मुख्यमंत्री शिंदे के ओएसडी को नक्सलियों ने दी जान से मारने की धमकी

मुंबई, 01 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी ) डॉ. राहुल गेठे को नक्सलवादियों ने पत्र भेजकर जान से मारने की धमकी दी है। गेठे ने इससे पुलिस को अवगत करा दिया है।इस धमकी के मद्देनजर पुलिस ने उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस इस पत्र की छानबीन कर रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले नक्सलियों ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को भी जान से मारने की धमकी दी थी। इस पत्र को लाल स्याही से लिखा गया है। यह पत्र नवी मुंबई स्थित राहुल गेठे के घर पर भेजा गया है। पत्र में कहा गया है कि राहुल गेठे की वजह से नक्सल गतिविधियों को नुकसान हो रहा है। इसलिए मौत का फरमान जारी किया गया है। जल्द इस पर अमल किया जाएगा। पत्र में जय नक्सलवाद भी लिखा है। डॉ. राहुल गेठे पिछले पांच साल से एकनाथ शिंदे के ओएसडी हैं। उल्लेखनीय है कि शिंदे गढ़चिरौली जिले के संरक्षक मंत्री रह चुके हैं। तब गेठे की देखरेख में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्य शुरू किए गए थे। तब से गेठे नक्सलियों के निशाने पर हैं।
Top