Logo
Header
img

मप्र: मुख्यमंत्री शिवराज ने नंदकुमार सिंह चौहान की जयंती पर किया नमन

भोपाल, 8 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व सांसद तथा भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष स्व. नंदकुमार सिंह चौहान को आज (शुक्रवार को) उनकी जयंती पर स्मरण कर भावुक संदेश लिखा है। अपने संदेश में माध्यम से मुख्यमंत्री चौहान ने उन्हें स्मरण कर विनम्र नमन किया है। मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट कर कहा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व सांसद, हमारे अग्रज स्व.नंदकुमार सिंह चौहान 'नंदू भैया' की जयंती पर नमन् करता हूँ। सहज, सरल व्यक्तित्व के धनी नंदू भैया जीवन पर्यंत राष्ट्र और समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहे। खंडवा का विकास और नागरिकों की सेवा उनके जीवन की प्राथमिकता रही। हम उनके सपनों को पूरा करने के लिए संकल्पित हैं।

 गौरतलब है कि नंदकुमार सिंह चौहान का जन्म 8 सितम्बर 1952 को शाहपुर बुरहानपुर में हुआ था। उन्हें संसदीय कार्यवाही, संगठनात्मक कौशल में योगदान और संगठन को प्रदेश में मजबूत बनाने के प्रयासों के लिए याद किया जाता है। उनका पूरा जीवन सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पित रहा। वे लोकप्रिय जननेता थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत शाहपुर के नगर पालिका अध्यक्ष के रूप में की थी। उनका अवसान 2 मार्च 2021 को हुआ।
Top