Logo
Header
img

इतिहास के पन्नों में: 29 जनवरी

आई एम ए परमानेंट पीएम: पेशे से आर्किटेक्ट रहे तेजतर्रार और हाजिरजवाब सांसद पीलू मोदी अपनी विनोद प्रियता के लिए मशहूर थे। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ उनकी नोंकझोंक चलती रहती थी। एकबार ऐसे ही माहौल में पीलू मोदी ने इंदिरा गांधी को चुनौती देने वाले अंदाज में कहा, आई एम ए परमानेंट पीएम, यू आर ओनली टेम्पेरेरी पीएम। इंदिरा गांधी के हंसने पर पीलू मोदी ने साफ किया, पीएम का मतलब पीलू मोदी।

14 नवंबर 1926 को बांबे में पैदा हुए पीलू मोदी का महज 56 साल की उम्र में 29 जनवरी 1983 को निधन हो गया। पारसी धर्म को मानने वाले पीलू मोदी स्वतंत्र पार्टी के प्रमुख थे और भारत में उदारवादी व मुक्त आर्थिक नीतियों के समर्थक थे। दून स्कूल से स्कूली पढ़ाई के बाद बर्कले विवि से स्थापत्य कला में डिग्री हासिल करने वाले पीलू मोदी ने दिल्ली का ओबेरॉय होटल डिजाइन किया।

1967 और 1971 में पीलू मोदी गुजरात की गोधरा लोकसभा सीट से जीतकर संसद पहुंचे। 1978 में वे जनता पार्टी के टिकट पर राज्यसभा सदस्य बने। आपातकाल के दौरान उन्हें गिरफ्तार कर हरियाणा की रोहतक जेल में रखा गया था। बेबाकी, विरोध और राजनीतिक नैतिकता के क्षेत्र में पीलू मोदी ने ऐसा मुकाम हासिल किया, जो दूसरों के लिए प्रेरक रहेगा।

अन्य अहम घटनाएं:

1597: भारतीय शौर्य के प्रणेता महाराणा प्रताप का निधन।

1780: कोलकाता से देश के पहले समाचार पत्र `हिक्की गजट' या `बंगाल गजट' का प्रकाशन शुरू।

1949: ब्रिटेन ने इजराइल को मान्यता दी।

1967: अभिनेता बॉबी देओल का जन्म।

1970: ओलंपिक में रजत पदक विजेता शूटर कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौर का जन्म।

1979: भारत की पहली व दो इंजन वाली जंबो ट्रेन तमिलनाडु एक्सप्रेस नई दिल्ली से मद्रास के लिए रवाना।

1992: भारत आशियान का क्षेत्रीय सहयोगी बना।

1993: क्रिकेटर विनोद कांबली का टेस्ट पदार्पण।

2003: हिमाचल विधानसभा भंग की गई।

2005: सेरेना विलियम्स ने ऑस्ट्रेलियाई ओपन का महिला खिताब जीता।

2006: भारतीय गेंदबाज इरफान पठान टेस्ट क्रिकेट में पहले ओवर में हैट्रिक लेने वाले विश्व के पहले गेंदबाज बने।

2007: अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी लंदन के चैनल-4 के रियलिटी शो बिग ब्रदर चैम्पियन बनीं।


Top