नई दिल्ली, 25 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा 'मोना' ने आज कहा कि कांग्रेस ने दिल्ली के तमाम स्ट्रीट वेंडर्स को 2014 में कानून बनाकर जो अधिकार दिए थे, उन्हें सत्ता में आने के बाद दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आआपा) सरकार ने छीन लिये। इसके कारण आज दिल्ली में जीविकोपार्जन के लिए रेहड़ी-पटरी लगाने वाले तमाम लोग रोजी-रोटी की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस की सरकार बनने पर उस कानून को लागू किया जाएगा।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में संवाददाता सम्मेलन में आराधना मिश्रा ने कहा कि दिल्ली में तमाम लोग रेहड़ी-पटरी पर दुकान लगाकर अपने परिवार को पालते हैं। कांग्रेस इन्हीं के लिए 2014 में एक कानून लाई थी। इस कानून में प्रावधान है कि शहर की 2.5 प्रतिशत आबादी जितनी रेहड़ी-पटरी के लिए स्थान निर्धारित किए जाएंगे। किसी भी रेहड़ी को हटाया नहीं जाएगा लेकिन आज तक सरकार ने इसकी व्यवस्था नहीं की और नो वेंडिंग जोन नहीं बनाए गए।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में आज रेहड़ी-पटरी के दुकानदारों की सबसे बड़ी समस्या शोषण और उगाही है। दिल्ली की आआपा सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार की विफलता के कारण आज रेहड़ी-पटरी के दुकानदार परेशान हैं लेकिन कांग्रेस का वादा है कि सरकार बनने पर हम इस कानून को लागू करेंगे और लोगों को उनका अधिकार दिलाएंगे। कांग्रेस विधायक ने कहा कि हम सभी दिल्ली को केवल राजधानी के रूप में नहीं देखते हैं, बल्कि ये देश का दिल है। ये ऐसा शहर है, जिसने देश के हर राज्य, हर जिले से आने वाले लोगों को खुद में समाहित किया है। इसके बावजूद दुर्भाग्य की बात है कि आज ये शहर दो पार्टियों की झगड़े की वजह से बदहाल और बेबस है।
उन्होंने कहा कि शीला दीक्षित के मुख्यमंत्रित्वकाल में दिल्ली ने शानदार समय देखा। दिल्ली ने देश और दुनिया में एक अलग पहचान बनाई लेकिन आज दिल्ली में भयानक प्रदूषण है, पूरा शहर कूड़े के ढेर से घिरता जा रहा है और इन्फ्रास्ट्रक्चर ध्वस्त है। दिल्ली में न हवा साफ है, न पानी और मां यमुना की हालत तो हम सब देख ही रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रतिबद्धता और निजी स्वार्थ की वजह से दिल्ली की ऐसी दुर्दशा हुई है। उन्होंने दावा किया आज दिल्ली के लोग एक बार फिर कांग्रेस को याद कर रहे हैं, इसलिए अबकी कांग्रेस जीतेगी और सरकार बनाएगी।