देहरादून, 25 मार्च, प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में शनिवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी जी की सदस्यता को समाप्त किये जाने पर मोदी सरकार के खिलाफ निन्दा प्रस्ताव पास किया गया।
कांग्रेस मुख्यालय में हुई बैठक में उपाध्यक्ष मथुरा दत्त जोशी ने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए यह अच्छा संदेश नही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की यह नीति रही है कि जो जन सरोकारों से संबंधित समस्याओं को उठाता रहा है, उसे किसी ना किसी तरह से परेशान किया जा रहा है। किसी को ईडी का डर किसी को सीबीआई का डर दिखाकर देश के लोकतंत्र को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र को बचाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के बनाए गये संविधान की हत्या की जा रही है। आखिर संविधान की रक्षा कौन करेगा।
मोदी सरकार पर कटाक्ष करते हुए विजय सारस्वत ने कहा कि आज मोदी घर-घर झण्डे फहराने की बात करते हैं। सबसे पहले उन्हें अपने आप को देशभक्त बताने वाले अपने सहयोगी आरएसएस के लोगों से पूछना चाहिए कि 52 वर्षों तक आरएसएस के मुख्यालय में देश का झण्डा क्यों नही फहराया गया।
मुख्य प्रवक्ता गरिमा माहरा दसौनी ने कहा कि कांग्रेस न्यायालय का सम्मान करती है, लेकिन केन्द्र सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आखिर विपक्ष के नेता अपनी बात कहां पर कहें। उन्होंने कहा कि सदन में मोदी सरकार सांसदों के प्रश्नों का जवाब नही दे पा रही है। उन्होंने कहा कि विकास ठप पड़ा है। देश की जनता का ध्यान भटकाने के लिए केन्द्र सरकार इस तरह के हथकण्डे अपना रही है, ताकि इनके कृत्यों के खिलाफ कोई भी आवाज ना उठा सके।
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी ने राज्य के युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि देश नाजुक स्थिति से गुजर रहा ऐसे में हम सबको देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए संघर्ष करने की आवश्यकता है।
यह प्रस्ताव प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष , महामंत्री प्रशासन, मीडिया प्रभारी पी. के. अग्रवाल, मुख्य प्रवक्ता , महामंत्री नवीन जोशी, प्रवक्ता राजेश चमोली, शीशपाल सिह बिष्ट, महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी, नीरज त्यागी, नवनीत सती की उपस्थित में पास किया गया।