Logo
Header
img

कांग्रेस ने राम के अस्तित्व को नकारा : योगी आदित्यनाथ

त्रिपुरा, 07 फरवरी (हि. स)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्रिपुरा के विधानसभा चुनाव में हुंकार भरी है। उन्होंने मंगलवार को राज्य की बागबासा विधानसभा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि त्रिपुरा की जनता ने पांच साल के विकास को देखा है। आज कांग्रेस वामपंथियों के साथ मिलकर चुनाव लड़ने आई है। हमें सतर्क रहना होगा। यह वही कांग्रेस है जो राम के अस्तित्व पर सवाल खड़ा करती आई है और राम मंदिर बनने का विरोध करती रही है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में त्रिपुरा में डबल इंजन की सरकार ने अलग पहचान बनाई है। यहां के हर नागरिक के जीवन में बदलाव देखा जा सकता है। सबका साथ -सबका विकास के मूलमंत्र का वास्तविक रूप त्रिपुरा में देखने को मिलेगा। पीएम आवास में तीन लाख आवास, हर घर शौचालय, हर परिवार के पास रसोई गैस, हर घर नल योजना के माध्यम से ज्यादातर गांव में शुद्ध पेयजल मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यहां की जनता ने त्रिपुरा में लंबे समय तक कम्युनिस्ट शासन को देखा और अराजकता, गुंडागर्दी झेला है। त्रिपुरा के सामने पहचान का संकट था। पांच वर्ष पहले तक त्रिपुरा में नौजवान बेरोजगार था, महिलाओं को सुरक्षा का संकट था। पांच वर्ष बाद सुशासन का असर देखने को मिला। इस चुनाव में तो कांग्रेस और कम्युनिस्ट मिल गए हैं।कांग्रेस आज कम्युनिस्टों के साथ मिलकर आई है। हमको सतर्क रहना होगा। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक देश पर राज किया लेकिन जनता को शासन का लाभ नहीं दे सकी। कांग्रेस आपकी आस्था के साथ खिलवाड़ करती रही। अयोध्या में राममंदिर का विरोध करती थी। कांग्रेस राम के अस्तित्व पर सवाल खड़ा कर रही थी। यूपीए के शासन में रोज एक-एक भ्रष्टाचार घोटाले सामने आते थे। आज सुशासन और विकास हो रहा है। कांग्रेस को यही खराब लग रहा है। अब वे कम्युनिस्ट के साथ मिलकर सामने आए हैं। पांच वर्ष पहले मुझे यहां अराजकता दिखाई देती थी। आज पांच वर्ष बाद यहां आकर देखा तो डबल इंजन की सरकार ने त्रिपुरा में बदलाव करके दिखा दिया है। मुझे विश्वास है,भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को आशीर्वाद देकर विजयी बनाएंगे।
Top