प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने केंद्रीय आलाकमान से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जल्द गठन के अनुमोदन का आग्रह किया है। उन्होंने कहा है कि पिछले लंबे समय से पीसीसी की कार्यकारणी भंग होने से प्रदेश में संगठन के कामकाज पर विपरीत असर पड़ रहा है इसलिए पीसीसी की कार्यकारणी का जल्द अनुमोदन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में जल्द ही नगर निकाय व पंचायतीराज के चुनाव होने जा रहें है और चुनावी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके लिए संगठन के पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारिया भी दी जानी है।
प्रतिभा सिंह ने कहा है कि प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा से प्रदेश की आर्थिकी पर बहुत विपरीत असर पड़ा है। सबसे ज्यादा आपदा प्रभावित मंडी संसदीय क्षेत्र में सो से अधिक लोग अकाल मृत्यु का ग्रास बने है। जबकि बहुत से लोग बाढ़ व भूस्खलन की चपेट में आने से अभी भी लापता है। हजारों करोड़ की सरकारी व निजी सम्पति ध्वस्त हो गई है। प्रदेश सरकार अपने सीमित संसाधनों से राहत कार्यो में दिन रात जुटी है। ऐसे समय मे प्रदेश व अन्य राज्यों के लोग भी प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिये बढ़चढ़ कर सहयोग दे रहें है जो बहुत ही सराहनीय है। कांग्रेस इस पुनीत कार्य के लिये सभी लोगों का आभार व्यक्त करती है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने केंद्र सरकार से प्रदेश में आई इस प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए राहत व पुनर्वास कार्यो को पूरा करने के लिये विशेष आर्थिक मदद की मांग करते हुए कहा है कि इस विषम परिस्थिति से उभारने के लिये केंद्र सरकार को प्रदेश की दिल खोलकर मदद करनी चाहिए। उन्होंने इसके लिए प्रदेश के सभी भाजपा सांसदों से दलगत राजनीति से ऊपर उठ कर प्रदेश के आपदा प्रभावित लोगों की मदद के लिये आगे आने का आह्वान करते हुए कहा है कि उन्हें प्रधानमंत्री से मिल कर प्रदेश को विशेष आर्थिक मदद की मांग करनी चाहिए।