Logo
Header
img

भोपाल: बैतूल के कांग्रेस नेता यशवंत मुन्ना मानकर के साथ 200 से अधिक कार्यकर्ता भाजपा में शामिल

जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक दलों में उठापटक तेज होती जा रही है। बुधवार को बैतूल के कांग्रेस नेता यशवंत मुन्ना मानकर के साथ 200 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो गए। प्रदेश भाजपा कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने उन्हें भाजपा की सदस्यता प्रदान की।

कुनबी समाज के बैतूल जिलाध्यक्ष और कांग्रेस नेता यशवंत मुन्ना मानकर के साथ 200 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन महामंत्री ने मानकर और कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र पहनाकर व मिष्ठान खिलाकर पार्टी में स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद हेमंत खण्डेलवाल, संभाग प्रभारी पंकज जोशी, जिलाध्यक्ष बबला शुक्ला, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया मंचासीन रहीं।

भाजपा परिवारभाव से काम करती है: विष्णुदत्त शर्मा

कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अन्य राजनैतिक दलों से भिन्न है। यहां परिवारभाव से हम मिलकर काम करते हैं। आप सभी भाजपा में शामिल हुए हैं, विश्वास दिलाता हूं कि आपको यहां एक परिवार की तरह स्नेह का वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का मान, सम्मान लगातार बढ रहा है। देश में मोदी जी और प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार गरीब कल्याण के मिशन में जुटी हुई है।

नेतृत्व की कार्यशैली, पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर भाजपा में आया: मानकर

कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए यशंवत मुन्ना मानकर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व की कार्यशैली और पार्टी की विचारधारा ने मुझे प्रभावित किया है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार में हो रहे विकास कार्यो और गरीब कल्याण के लिए चलाए जा रहे अभियान से मेरे मन पर गहरा प्रभाव पड़ा है। भाजपा राष्ट्र सेवा के पुनीत कार्य में लगी है, इसमें योगदान देने हेतु मैं भाजपा में शामिल हुआ हूं।

10 ग्राम पंचायतों के सरपंच, 25 गांवों के प्रमुख कार्यकर्ता हुए शामिल

कांग्रेस नेता यशवंत मुन्ना मानकर के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों में जनपद सदस्य डॉ. मुकुंद राव घोटे, कांग्रेस नेता कृष्णा परमार, सरपंच बबलू नगले, नागेराव घोटे, रेखा गोलू आहाके, जगदीश चढोकार, सहदेव वटके, हंसराज मर्सकोले, अनंत जवलकर, विजय धुर्वे, अंतुलाल उइके सहित 25 गांवों के प्रमुख कार्यकर्ता और जनजाति बहुल 10 ग्राम पंचायतों के सरपंच शामिल हैं।


Top