लद्दाख में सड़क हादसे में बलिदान होने वाले शिमला निवासी सेना के जवान विजय कुमार का सोमवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम संस्कार से पहले लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बलिदानी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सेना के जवान विजय कुमार का पार्थिव शरीर सोमवार को उसके पैतृक गांव नेहरा पहुंचा। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए और बलिदान देने वाले विजय को श्रद्धांजलि दी। शिमला ग्रामीण उपमंडल के गांव नेहरा से सम्बन्ध रखने वाले वीर सैनिक विजय कुमार को श्रद्धांजलि देने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी पहुंचे और उन्होंने पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति विजय कुमार की समृद्ध सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा उनके परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी की। उन्होंने भारतीय सेना के आठ अन्य जवानों के निधन पर भी शोक व्यक्त किया। इसके बाद सैन्य सम्मान के साथ विजय का अंतिम संस्कार किया गया।
उल्लेखनीय है कि लद्दाख के कियारी के पास शनिवार को एक सड़क दुर्घटना में विजय कुमार सहित नौ सेना के जवानों की मौत हो गई थी।