शिमला, 03 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला पुलिस ने बालूगंज थाना अंतर्गत शोघी कस्बे के पास एक बस की तलाशी के दौरान करीब 12 ग्राम मादक पदार्थ चिट्टा बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शिमला के चौपाल निवासी मयंक नेगटा (25) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दो अक्तूबर को विशेष सैल शिमला की टीम पुलिस चौकी शोघी के नजदीक राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सोलन की ओर से आ रही एक बस को रोककर उसकी तलाशी ली गई। बस में बैठे एक युवक ने पुलिस को देखकर अपनी जींस की जेब से एक वस्तु निकालकर पैरों के नीचे छिपा दी।
पुलिस ने जब युवक की सीट की तलाशी ली तो वहां गोल्ड फ्लेक सिगरेट की एक डिब्बी मिली। डिब्बी के अंदर पारदर्शी पॉलीथीन के एक पाउच में हल्के भूरे रंग का डलीनुमा और पाउडरनुमा पदार्थ रखा हुआ था। जांच के दौरान यह पदार्थ चिट्टा/हेरोइन पाया गया। इसका वजन करीब 12 ग्राम बताया गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि मादक पदार्थ को अपने कब्जे में लेकर बालूगंज थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे अदालत में पेश किया जाएगा।