Logo
Header
img

पश्चिम एशिया के तनाव से कच्चे तेल की कीमत में लगी आग, अंतरराष्ट्रीय बाजार में 80 डॉलर के करीब पहुंचा ब्रेंट क्रूड


नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम एशिया में लगातार बढ़ रहे तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत पर साफ-साफ नजर आने लगा है। आज एक बार फिर ब्रेंट क्रूड उछल कर 80 डॉलर प्रति बैरल के काफी करीब पहुंच गया। इसी तरह बेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड भी आज के कारोबार में 75 डॉलर प्रति बैरल केसर को पार कर गया। हालांकि, बाद में कच्चे तेल की कीमत में मामूली गिरावट भी आई। भारतीय समय के मुताबिक शाम सात बजे ब्रेंट क्रूड 3.66 प्रतिशत की मजबूती के साथ 78.79 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह डब्ल्यूटीआई क्रूड 3.59 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73.98 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर बना हुआ था।

आज ब्रेंट क्रूड ने 2.43 डॉलर प्रति बैरल की छलांग लगाते हुए 78.44 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। कारोबार की शुरुआत होने के बाद ब्रेंट क्रूड कुछ देर के लिए गिर कर 77.34 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक भी आया। इसके बाद वैश्विक तनाव के माहौल में इसकी कीमत में तेजी का रुख बन गया। दिन के कारोबार में ब्रेंट क्रूड 3.75 डॉलर प्रति बैरल की मजबूती के साथ 79.76 डॉलर प्रति बैरल के उच्च स्तर पर पहुंच गया।

इसी तरह वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड ने आज 2.35 डॉलर प्रति बैरल उछल कर 73.76 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। ट्रेडिंग शुरू होने के बाद कुछ देर के लिए डब्ल्यूटीआई क्रूड फिसल कर 72.61 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक गया, लेकिन थोड़ी देर बाद ही इसके भाव में तेजी का रुख बन गया, जिसकी वजह से यह 75.08 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्पॉट ट्रेडिंग के अलावा फ्यूचर ट्रेडिंग में भी कच्चे तेल की कीमत में तेजी का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। ब्रेंट क्रूड चार प्रतिशत से अधिक की छलांग लगा कर सितंबर में एक्सपायर होने वाले कॉन्ट्रैक्ट के लिए 79 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से ऊपर पहुंच कर कारोबार कर रहा है। इसी तरह डब्ल्यूटीआई क्रूड भी 3.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर ट्रेड करता हुआ नजर आ रहा है। इसके अलावा यूरोपीय नेचुरल गैस फ्यूचर्स में भी आज वीकेंड ब्रेक के बाद 2.5 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है।

Top