Logo
Header
img

विधानसभा के मुख्य द्वार पर भाजपा विधायकों का प्रदर्शन

रांची, झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे चरण के 12वें दिन भी भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने आईएएस राजीव अरुण एक्का को बर्खास्त करने और हेमंत सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। मौके पर भाजपा के मुख्य सचेतक बिरंची नारायण ने शनिवार को कहा कि जब राजीव अरुण एक्का पर आरोप लगा तो सरकार ने उनका तबादला कर दिया। यह सजा नहीं है। सरकार अगर उनपर कोई कार्रवाई करती, जांच होती या उन्हें बर्खास्त किया जाता है, तब वह सजा होती। भाजपा विधायक शशिभूषण मेहता ने कहा कि अगर सरकार इसपर कोई ठोस फैसला नहीं लेती है, तो इस बात को सदन में उठायेंगे। फिर सरकार यह न कहे कि विपक्ष सदन को बाधित कर रहा है। डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग को लेकर छतरपुर विधायक ने किया प्रदर्शन दूसरी तरफ छतरपुर विधायक पुष्पा देवी विधानसभा के मुख्य द्वार पर अपने विधानसभा क्षेत्र के चार प्रखंडों (नौडीहाबाजार, पड़वा, पाटन और छतरपुर) में डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग को लेकर धरना दिया। पुष्पा देवी ने कहा कि इन प्रखंडों में बाहर से आकर डॉक्टर इलाज करते हैं और यहां के लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इन चारों प्रखंडों में डॉक्टरों की नियुक्ति तत्काल की जाये।
Top