Logo
Header
img

नेताजी के विकास कार्यों को आगे बढ़ाएगी डिंपल : अखिलेश यादव

मैनपुरी, 14 नवम्बर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) की उम्मीदवार डिंपल यादव ने सोमवार को मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचकर सादगी के साथ नामांकन कराया। नामांकन के बाद सपा उम्मीदवार डिंपल यादव के पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रेस वार्ता की। अखिलेश यादव ने कहा कि हम लोग नेताजी के बताए रास्ते पर चलेंगे। जनता अपना वोट देकर, नेताजी को श्रद्धांजलि दे। कहा कि यह चुनाव ऐसे वक्त में हो रहा है जब नेताजी मुलायम सिंह यादव हमारे बीच नहीं हैं। यह नेताजी की सीट रही है और जितना विकास आपको दिखाई दे रहा है वह नेताजी की वजह से हुआ है। उनके जीवन का संघर्ष मैनपुरी की जनता ने देखा है और वह यहां के लोगों से हमेशा जुड़े रहें। सपा अध्यक्ष ने कहा कि नेताजी का सिखाया हुआ रास्ता और जो आर्थिक समाज की लड़ाई लड़ी और उनके विश्वास, सिद्धांत को डिंपल आगे बढ़ाएंगी। डिंपल यादव यहां से उम्मीदवार है और उन्हें यहां की जनता एतिहासिक मतों से चुनाव जीताकर लोकसभा भेजें। अखिलेश ने यादव कुनबे की एकजुटता से जुड़े एक सवाल पर कहा कि पूरा परिवार साथ है और हम एक साथ प्रचार करेंगे। उन्होंने खुद भी डिंपल यादव का चुनाव प्रचार करने की बात कही। उन्होंने भाजपा पर एक सवाल को लेकर कहा कि आज कुछ नहीं बोलूंगा। वहीं मैनपुरी से सपा उम्मीदवार डिंपल यादव ने नामांकन के बाद कहा कि नेताजी का आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ रहा है और उनके न होने पर भी उनकी सीट पर जनता अपना आशीर्वाद बनाए रखेगी। नामांकन के दौरान रामगोपाल यादव, तेज प्रताप यादव, प्रस्तावक राजनारायण और अधिवक्ता की मौजूदगी में सादा और सादगी के साथ नामांकन कराया है।
Top