Logo
Header
img

कांवड़ यात्रा मार्ग पर मृत जानवर देख डीएम नाराज

कांवड़ यात्रियों की सुविधा व सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए डीएम व एसएसपी ने मंगलवार को एटा बार्डर से जसराना, शिकोहाबाद होते हुए बटेश्वर तक कांवड़ यात्रा मार्ग का भ्रमण कर व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने कमियां मिलने पर उसमें सुधार के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी डाॅ. उज्जवल कुमार व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने कांवड़ यात्रा की सभी आवश्यक तैयारियों को लेकर पूर्व में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए थे।मंगलवार को अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का अनुपालन परखने के लिए खुद जिलाधिकारी ने एटा बाॅर्डर से जसराना, नवादा पाढम, शिकोहाबाद होते हुए बटेश्वर मन्दिरों तक का भ्रमण कर कांवडियों के यात्रा मार्ग में आवश्यक सुविधा व सुरक्षा का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान यात्रा मार्ग में मृत जानवर पड़े देख उन्होंने कडी नाराजगी व्यक्त की और सभी विकास खण्ड स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह आसपास के गांव से समन्वय बनाकर सुनिश्चित करें कि कहीं पर भी मृत जानवर नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने सभी खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह सुनिश्चित करें कि आवारा जानवर, छुट्टा गौवंश को अभियान चलाकर पकड़वाया जाए। कांवड़ यात्रा मार्ग के दोनों किनारों पर अभी भी कहीं-कहीं झाड़ियां खड़ी हैं, जिन्हे जल्द साफ कराने और मिट्टी डलवाकर पैदल चलने का सुगम रास्ता तैयार कराने के भी निर्देश दिए।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, जिला विकास अधिकारी महेन्द्र प्रताप यादव, डीपीआरओ, डीसी मनरेगा, सहित सभी खण्ड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत आदि उपस्थित रहे।

Top