Logo
Header
img

सिवनी में एक बार फिर महसूस किए गए भूकंप के झटके

सिवनी, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिवनी में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। यहां सोमवार रात तेज धमाके की आवाज के साथ करीब पांच सेकंड के लिए धरती हिली। भूकंप का झटका इतना तेज था कि सभी लोग सहम गए और अपने घरों से बाहर आ गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 2.8 दर्ज हुई है।

जानकारी अनुसार सोमवार रात करीब 9.20 बजे सिवनी शहर के कई क्षेत्रों में तेज धमाके की आवाज के साथ करीब पांच सेकंड के लिए धरती हिल गई। शहर के कबीर वार्ड डूंडा सिवनी, टैगोर वार्ड, महावीर वार्ड क्षेत्र के लोगों ने बताया कि काफी तेज भूकंप का झटका महसूस हुआ। कई लोग घर के दूसरे माले पर थे। तभी तेज आवाज आई और मकान हिल गया। भूकंप का झटका महसूस होने के बाद इंटरनेट मीडिया पर लोगों ने इसकी जानकारी दी। भूकंप के इस झटके से कोई बड़ी हानि सामने नहीं आई है।

बता दें कि पिछले तीन वर्षों से लगातार डूंडा सिवनी के चूना भट्टी सहित शहर से लगे कुछ क्षेत्रों में लगातार भूकंप के झटके आ रहे हैं। भूविज्ञानियों के मुताबिक वर्षा का पानी दरारों के जरिए गहराई में पहुंचने के कारण तैयार ऊर्जा के बाहर निकलने से यह झटके महसूस किए जा रहे हैं। वर्षा थमने के कुछ महीनों बाद यह स्वत: समाप्त हो जाते हैं। सिवनी में सितंबर 2021 में 14 दिन में तीन बार भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इनकी तीव्रता हर बार बढ़ती रही है। इससे पहले अक्टूबर-नवंबर 2020 में भी भूकंप के तेज झटके से लोग घबरा गए थे।

Top