Logo
Header
img

रातभर जाम रहा अमृतसर-दिल्ली मार्ग, कुरूक्षेत्र में डटे रहे किसान

चंडीगढ़, 13 जून (हि.स.)। हरियाणा सरकार व किसानों के बीच टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है। किसानों ने सोमवार को कुरूक्षेत्र में अमृतसर-दिल्ली मार्ग पर जाम लगा दिया। किसान रात भर सड़कों पर डटे रहे। किसानों की रिहाई व सूरजमुखी पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) दिए जाने के मामले में न तो प्रशासन झुकने को तैयार है और न ही किसान अपना आंदोलन वापस ले रहे हैं। जिसका खामियाजा हजारों बेकसूर लोगों ने रात भर सड़कों पर गाड़ियों में रात व्यतीत करके गुजारा। दिल्ली से अमृतसर व अन्य स्थानों पर जाने वाले यात्री बीच रास्ते में ही अटके रहे। सोमवार को देर रात कुरूक्षेत्र जिला प्रशासन तथा किसान नेताओं के बीच हुई बैठक में कोई परिणाम नहीं आने पर किसान रात में ही मुख्य मार्ग पर बैठ गए और यातायात अवरूद्ध कर दिया। किसान नेता राकेश टिकैत व अन्य सड़कों पर ही बिस्तर लगाकर लेट गए। किसानों ने हाईवे पर ही रात का भोजन किया। इस बीच कुछ किसान डांस करते भी दिखे। किसानों के मुताबिक अगला फैसला संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से लिया जाएगा। इस बीच हालात बिगड़ते देख जिला उपायुक्त शांतनु शर्मा ने जिले में शांति, कानून व्यवस्था व यातायात की स्थिति बहाल रखने के लिए थाना सदर थानेसर, पिपली चौक व अनाज मंडी पिपली के दो किलोमीटर की परिधि में धारा 144 लागू कर दी। इन आदेशों ते मुताबिक ट्रैक्टर ट्रॉली, लाठी-डंडे, तलवार, गंडासी आदि किसी भी तरह के घातक हथियार लेकर चलने, पेट्रोल-डीजल के बोतल में बिक्री पर भी प्रतिबंध रहेगा। अगर कोई इन आदेशों की अवहेलना करेगा तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन तथा किसान नेताओं के बीच मंगलवार को भी बैठक होगी। इस बैठक के बाद समस्या का समाधान होने की उम्मीद है।
Top