झांसी,13 मई(हि. स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में मेयर पद के 07 प्रत्याशियों समेत 60 वार्डों के पार्षदों, 05 नगर पालिका व 07 नगर पंचायत अध्यक्षों की किस्मत का फैसला आज होगा। जिले के पांच केन्द्रों पर मतगणना शुरू हो गयी है।
मतगणना के लिए झांसी में पांच मतगणना स्थल बनाए गए हैं
नगर निगम झांसी, नगर पालिका परिषद बरुआसागर व बड़ागांव नगर पंचायत की मतगणना झांसी के बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज संपन्न हो रही है। मोठ की कृषि मंडी में चिरगांव, समथर व मोठ की मतगणना की जा रही है।
मऊरानीपुर नगरपालिका समेत कटेरा और रानीपुर नगर पंचायत की मतगणना मऊरानीपुर के अग्रसेन महाविद्यालय में संपन्न हो रही है। तो गरौठा व एरच नगर पंचायत समेत गुरसरांय नगर पालिका की मतगणना अखंडानंद इंटर कॉलेज गरौठा में हो रही है। वहीं एकमात्र नगर पंचायत तोड़ी फतेहपुर के लिए मतगणना स्थल टहरौली तहसील में बनाया गया है।
उल्लेखनीय है कि जिले के कुल छह लाख 56 हजार 547 मतों में से कुल तीन लाख 53 हजार 128 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
इसमें नगर निगम झांसी में कुल दो लाख 16 हजार 153 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग करते हुए 47.19 प्रतिशत मतदान किया था। जिले की अन्य नगर पालिका व नगर पंचायतों में कुल मतदान एक लाख 36 हजार 975 मतदाताओं द्वारा 69 प्रतिशत मतदान किया गया था। नगर निगम के महापौर और पार्षदों के लिए ईवीएम का प्रयोग किया गया था। नगर पालिकाओं और नगर पंचायत के चुनाव के लिए बैलट पेपर प्रयुक्त हुए थे।
मतगणना स्थल के अंदर सिर्फ प्रत्याशी और उनके एजेंट ही प्रवेश करेंगे। जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरी मतगणना कैमरे की निगरानी में की जा रही है।