Logo
Header
img

जर्जर मार्केट शेड से हादसे की आशंका, लोगों में दहशत

किशनगंज, 08 मई (हि.स.)। नगर पंचायत पौआखाली मुख्य बाजार स्थित सरकारी मार्केट शेड इन दिनों जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। वर्षों पूर्व निर्मित यह शेड अब पूरी तरह खस्ताहाल हो गया है, जिससे दुकानदारों और बाजार आने वाले लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

जानकारी के अनुसार मार्केट शेड की छत कई स्थानों से टूट चुकी है। वहीं लोहे के एंगल और सीमेंट के हिस्से भी कमजोर होकर नीचे गिरने लगे हैं। बरसात और तेज हवा के दौरान स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। बाजार क्षेत्र में प्रत्येक रविवार और गुरुवार को काफी भीड़ रहती है, ऐसे में लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है। दुकानदारों ने बताया कि जर्जर शेड के कारण बाजार में अव्यवस्था बढ़ गई है और हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

कई लोगों ने बताया कि डर के कारण ग्राहक भी शेड के नीचे खड़े होने से बचते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन एवं नगर पंचायत से मांग की है कि पुराने और खतरनाक हो चुके मार्केट शेड को जल्द हटाकर नया शेड बनाया जाए। साथ ही बाजार क्षेत्र में पार्किंग समेत अन्य बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में यह जर्जर ढांचा किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

Top