खोदावंदपुर प्रखंड के मेघौल एवं बरियारपुर पश्चिमी पंचायत में बुधवार से कचरा प्रबंधन इकाई शुरू हो गया। डीएम रोशन कुशवाहा ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में दोनों कचरा प्रबंधन इकाई का फीता काटकर उद्घाटन किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि स्वच्छ भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना आज साकार होता दिख रहा है। स्वस्थ शरीर के लिए स्वस्थ परिवेश का होना जरूरी होता है। आज गांव और समाज को स्वच्छ बनाने में आप सबका महत्वपूर्ण योगदान है। आप अपने आस-पड़ोस के कचरा को संग्रहित कर इस इकाई पर भेज दें।
डीएम ने बताया कि संग्रहित कचरा से अनुमंडल स्तर पर प्रसंस्करण इकाई स्थापित कर जैविक खाद एवं अन्य उपयोगी चीजों का निर्माण किया जाएगा। जिससे लोगों को आर्थिक लाभ होगा और दर्जनों लोगों को रोजगार भी मिलेगा। उन्होंने शेष बचे पंचायत के मुखिया से भी शीघ्र से शीघ्र कचरा प्रसंस्करण इकाई का निर्माण पूर्ण कर स्वच्छता अभियान को साकार करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को एसडीओ राजकुमार गुप्ता, प्रखंड प्रमुख संजू देवी, मुखिया पुरुषोत्तम सिंह एवं बाबू प्रसाद वर्मा ने भी संबोधित किया। उल्लेखनीय है कि छठे वित्त आयोग की राशि में से सात लाख 40 हजार रुपये से कचरा प्रबंधन यूनिट का निर्माण किया गया है। इस अवसर पर डीएम एवं आगत सभी अतिथियों का मिथिला की परंपरा के अनुसार शॉल एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख संजू देवी, संचालन वरिष्ठ पत्रकार अरुण कुमार मिश्रा एवं धन्यवाद ज्ञापन उप मुखिया रामेश्वर पासवान ने किया। इस मौके पर डीएम ने सफाई कर्मी रंजीत पासवान को उनके द्वारा सफाई के क्षेत्र में किए गए बेहतरीन कार्य के लिए अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। जिसकी सभी लोगों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की।