गोंडा, 07 मई (हि.स.) गोंडा पुलिस ने पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों से ठगने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपित विशेष अनुष्ठान का झांसा देकर परिवारों से सोना-चांदी और नकदी कलश में रखवाते थे। पूजा के दौरान सांप दिखाकर लोगों को डराया जाता था और फिर जेवर लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में नकदी, सोना-चांदी के आभूषण, फर्जी पहचान पत्र और एक कार बरामद की है।
थाना कोतवाली पुलिस के मुताबिक आरोपित अलग-अलग जिलों में लोगों को झांसे में लेकर उनसे ठगी करते थे। तत्कालीन मामला ददुवा बाजार स्थित सोनार गली के रहने वाले संजय कुमार रस्तोगी की शिकायत के बाद सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि दैनिक अखबार के साथ आए एक पर्चे में समस्याओं के समाधान और विशेष पूजा कराने का दावा किया गया था। दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद उन्हें एक कार्यालय बुलाया गया। जहां मौजूद लोगों ने विशेष अनुष्ठान और पूजा कराने की बात कही।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने करीब 42 दिनों तक पूजा-पाठ कराया। इसके बाद 27 से 30 मार्च के बीच पीड़ित के घर पर अनुष्ठान किया गया। इस दौरान परिवार से लगभग 750 ग्राम सोने के जेवर, 750 ग्राम चांदी और अन्य धातुएं पूजा के नाम पर एक स्टील के डिब्बे में रखवाई गईं। पीड़ित का आरोप है कि पूजा के दौरान आरोपियों ने कलश में काला सांप दिखाकर परिवार को डरा दिया। तथा देवता नाराज होने की बात कहकर सभी को कमरे से बाहर भेज दिया। बाद में विशेष पूजा के नाम पर दो लाख रुपये भी लिए गए।
कई दिनों तक संपर्क न होने और मोबाइल फोन बंद मिलने पर पीड़ित को शक हुआ। कमरे का ताला खोलने पर जेवर और अन्य सामान गायब मिला। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने लखनऊ-गोंडा रोड पर एचसीपीएम कॉलेज के पास से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में नमशेर निवासी बुलंदशहर तथा हसरत अली, इमरान, इन्साद और तोहिद निवासी मेरठ शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह ने गोंडा और बहराइच समेत कई जिलों में लोगों को अपना शिकार बनाया है।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक ने बताया कि तंत्र-मंत्र पूजा पाठ करने के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से 01 लाख 99 हजार पांच सौ रुपये तथा भारी मात्रा में सोने चांदी के आभूषण एक हुंडई कार तथा फर्जी पहचान पत्र बरामद किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।