Logo
Header
img

गुजरात चुनाव : भाजपा ने चलाया सीटों पर जीत के अंकगणित का फार्मूला

अहमदाबाद, 10 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने अपने राष्ट्रीय कार्यालय दिल्ली से गुजरात विधानसभा चुनाव की पहली सूची जारी कर दी। इस सूची से साफ हो गया कि पार्टी जिताऊ फार्मूले पर पूरी तरह काम कर रही है। चुनाव में अधिक से अधिक सीट झटकने के लिए सीटों के अंकगणित बढ़ाने के लिए जहां जो फार्मूला सेट हुआ, वहीं वह सेट कर दिया गया। जहां टिकटों के अधिक दावेदारों के कारण रस्साकशी हुई तो पार्टी ने पुराने उम्मीदवार पर ही भरोसा जता दिया, वहीं जिस जगहों पर कांग्रेस से भाजपा में कद्दावर नेता आए, उन्हें अपना लिया गया। जिन स्थानों पर दबंगों पर जीत का भरोसा रहा उन्हें टिकट दिया, लेकिन जहां दबंग के हारने की आशंका लगी, उन्हें बदल दिया गया। कुल मिलाकर पार्टी ने सीटों के अंकगणित पर ही पूरी तरह से काम किया। गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची में 182 में से 160 पर नामों की घोषणा कर दी। इसमें पहले चरण 1 दिसंबर को होने वाले मतदान के लिए 84 और दूसरे चरण 5 दिसंबर को होने वाले चुनाव के लिए 76 नाम शामिल हैं। पार्टी ने अपनी पहली सूची में वर्ष 2017 में चुनाव लड़ने वालों में से 38 उम्मीदवार बदल दिए। इनमें एक पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, पूर्व उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल, मंत्री ब्रजेश मेरजा समेत अन्य विधायक शामिल हैं। जबकि पार्टी ने 160 नामों में से 69 पुराने उम्मीदवारों को ही मैदान में उतारा है। पार्टी की इस सूची में 13 एससी, 24 एसटी और 14 महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा इसमें 4 चिकित्सक, 4 पीएचडी उम्मीदवार बनाए गए हैं। वडोदरा के वाघोडिया से दबंग विधायक मधु श्रीवास्तव का पार्टी ने पत्ता काट दिया है। वे 1995 से इस सीट पर लगातार जीत रहे थे। पहली बार निर्दलीय जीत के बाद वे भाजपा की टिकट पर जीतने में सफल रहे थे। इनके स्थान पर अश्विन पटेल को मैदान में उतारा गया है। दूसरी ओर देवभूमि द्वारका जिले के द्वारका सीट से दबंग विधायक पबुभा माणेक को रिपीट किया गया है। सूरत की 16 सीटों पर एक सीट चौर्यासी को छोड़ बाकी सभी 15 सीटों पर भाजपा ने उम्मीदवार तय कर दिए। इसमें चौर्यासी सीट से नाम घोषणा करना बाकी है। मांगरोल से पार्टी ने पुराने नेता गणपत वसावा को मैदान में उतारा है। कामरेज से विधायक वीडी झालावाडिया के स्थान पर प्रफुल पानसेरिया और उधना से विवेक पटेल के स्थान पर मनु पटेल को टिकट दिया गया। इसके अलावा यहां से भूपेन्द्र पटेल मंत्रिमंडल में मंत्री बने मजूरा सीट से हर्ष संघवी, सूरत पश्चिम सीट से पूर्णेश मोदी, कतारगाम से विनोद मोरडिया और ओलपाड सीट से मुकेश पटेल को रिपीट किया गया। राजकोट पश्चिम में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की जगह डॉ. दर्शिता शाह को मैदान में उतारा गया। इस सीट के लिए खोडलधाम के अध्यक्ष नरेश पटेल अपने साथी रमेश टीलाला के लिए दबाव बना रहे थे। टीलाला को राजकोट दक्षिण से उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस से भाजपा में आए मोहन राठवा के बेटे राजेन्द्र राठवा को पार्टी ने छोटा उदेपुर से उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा तलाजा सीट से कांग्रेस से भाजपा में आए भगवान बारड को पार्टी ने टिकट दिया है।
Top