Logo
Header
img

घुड़सवारी कर नामांकन करने पहुंचे भाजपा उम्मीदवार

अहमदाबाद, 11 नवंबर (हि.स.)। सूरत जिले की विधानसभा क्षेत्र कतारगाम से भाजपा उम्मीदवार विनू मोरडिया ने शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल किया है। नामांकन से पहले उन्होंने स्वामीनाराण मंदिर में पूजा की और संतों से आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे पर्चा दाखिल करने के लिए घोड़े पर सवार नामांकन करने पहुंचे। कतारगाम सीट से भाजपा उम्मीदवार शहरी विकास राज्य मंत्री विनू मोरडिया शुक्रवार को अनोखे अंदाज में अपना नामांकन करने पहुंचे। शुक्रवार को मोरडिया सूरत के वेडरोड स्थित अपने निवास से सबसे पहले स्वामीनारायण मंदिर में दर्शन करने पहुंचे और दर्शन-पूजन के बाद स्वामीनारायण संतों से आशीर्वाद लिया। इसके बाद मोरडिया घोड़े पर सवार होकर अपना नामांकनपत्र दाखिल करने के लिए निकले। उन्होंने विजय मुहूर्त 12.39 बजे पर्चा दाखिल किया। राज्य सरकार में राज्य मंत्री मोरडिया दूसरी बार इस सीट से भाजपा के उम्मीदवार बने हैं। इससे पूर्व वर्ष 2017 के चुनाव में भी वे घोड़े पर सवार होकर नामांकनपत्र दाखिल करने पहुंचे थे। घुड़सवारी करना उनका शौक बताया जाता है और अपने घोड़े की स्वयं देखभाल भी करते हैं। महंगी गाड़ियों के साथ ही उन्हें घोड़े रखना पसंद है। माेरडिया विधायक बनने से पहले सूरत महानगरपालिका में पार्षद और कमेटी के अध्यक्ष रह चुके हैं। गोपाल इटालिया व अल्पेश से होगा कड़ा मुकाबला इस बार सूरत की कतारगाम सीट पर सभी की नजरें टिकी हैं। इसकी वजह है कि यहां आम आदमी पार्टी मुकाबले को त्रिकोणीय बना रही है। आम आदमी पार्टी ने इस सीट से अपने प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया को मैदान में उतारा है। यह दोनों ही नेता पाटीदार समाज से आते हैं। यहां सर्वाधिक मत पाटीदार मतदाताओं का है, जो कि करीब 86 हजार है। वहीं दूसरे नंबर पर यहां प्रजापति समाज का मत करीब 60 हजार है। कांग्रेस ने प्रजापति समाज के अल्पेश वरिया को मैदान में उतारा है। ओबीसी और प्रजापति समाज के इस युवा चेहरे की वजह से कांग्रेस भी यहां रेस में है। इसके अलावा इस सीट पर कोली पटेल की संख्या करीब 15, 700, गुर्जर क्षत्रीय 7000, सूरती 15000, मुस्लिम 7000, एससी-एसटी 16000, प्रवासी 34000, ब्राह्मण-जैन 5000 निर्णायक स्थिति में हैं।
Top