Logo
Header
img

भगवान शिव समस्त चराचर में विद्यमान : त्रिवेणी दास

यज्ञ की पूर्णाहुति और विशाल भण्डारे के साथ श्री तिलभाण्डेश्वर महादेव मंदिर कनखल में चल रहा त्रिदिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव का समापन हो गया। इस अवसर पर संत सम्मेलन का भी आयोजन किया गया। संत सम्मेलन में आए हुए सभी संतों व भक्तों का अभिवादन करते हुए मंदिर के परमाध्यक्ष श्रीमहंत त्रिवेणी दास महाराज ने कहाकि शिव ही परम कल्याणकारी देव हैं। भगवान शिव आदि हैं और समस्त चराचर में वे ही विद्यमान हैं। भगवान शिव के बिना सृष्टि की कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहाकि विश्व में सबसे अधिक उपासक भगवान शिव के ही हैं। शेष सभी देव हैं, किन्तु एक भगवान शिव को महादेव ही कहा गया है। श्रीमहंत त्रिवेणी दास महाराज ने कहा कि भगवान शिव की पूजा करने से सभी प्रकार की ऋद्धि और सिद्धि की प्राप्ति होती है। कनखल क्षेत्र के कण-कण में भगवान विद्यमान हैं। यहां का कण-कण पूजनीय है। इससे पूर्व प्रातः भगवान श्रीतिलभाण्डेश्वर महादेव की श्रृंगार आरती हुई। उसके पश्चात यज्ञ की पूर्णाहुति व विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महंत गोविन्द दास महाराज, नगर विधायक मदन कौशिक, वीरेन्द्र वत्स समालखा, अचला मल्होत्रा, विशाल गर्ग, अशोक शर्मा, प्रवीण गोयल, दिनेश दास, भारत भूषण, मोहित राणा, सतीश शर्मा, सचिन गुप्ता, दीक्षा मल्होत्रा आदि अनेक भक्त व संतगण मौजूद रहे।
Top