Logo
Header
img

सोनीपत में सांदल कलां गांव में नमाज पढ़ते लोगों पर हमला

चंडीगढ़,10 अप्रैल । सोनीपत जिले के गांव सांदल कलां में रविवार की रात उस समय हंगामा हो गया जब, मस्जिद में नमाज पढ़ रहे लोगों पर करीब दो दर्जन युवकों ने हमला कर दिया। इस हमले में दस नमाजी घायल हुए हैं। पुलिस ने 10 लोगों को नामजद करते अन्य कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने 16 लोगों को हिरासत में लिया है। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। बताया गया कि मस्जिद में नमाज पढ़ने के दौरान तभी 20-25 लड़के आए और नमाजियों से मारपीट करने लगे। इसमें 15 लोगों के घायल हुए हैं। घायलों का आरोप है कि हमलावरों ने बच्चों और महिलाओं को भी नहीं बख्शा। उनके साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित मोहम्मद सलीम ने बताया कि वह रात 9 बजे नमाज पढ़ रहे थे, तभी 20-25 लड़के आए। जिनमें एक को बिट्टा कह रहे थे। हमारा उनसे कोई झगड़ा नहीं है। उनकी खुन्नस थी कि हम नमाज क्यों पढ़ रहे हैं। नमाज पढ़ते वक्त मारपीट शुरू कर दी। मोहम्मद सलीम ने बताया कि इस घटना में करीब 15 लोगों को चोटें आई हैं। इस झड़प के बाद इलाके में माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। पुलिस आयुक्त सतीश बालन ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद बताया कि गांव के कुछ असामाजिक तत्वों ने रात को मस्जिद में घुसकर नमाज पढ़ने वाले लोगों पर हमला किया है। आपस में कोई मन मुटाव या तनाव भी नहीं था। इस मामले में दस लोगों को नामजद सहित कई अन्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने 16 युवकों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस आयुक्त बालन ने बताया कि एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जब तक पीड़ित असुरक्षित महसूस करेंगे, गांव में पुलिस तैनात रहेगी।
Top