हरियाणा के 124 विद्यालय बनेंगे पीएमश्री स्कूल
चंडीगढ़, 13 अप्रैल हरियाणा में 124 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को पीएमश्री स्कूल का दर्जा दिया जाएगा। केंद्र सरकार ने बुधवार रात प्रदेश सरकार के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। जिसके बाद हरियाणा ने तत्काल प्रभाव से नए शिक्षा सत्र को लेकर गाइडलाइन जारी कर दी है। अब सबसे पहले इन विद्यालयों का नाम बदलते हुए नया नाम रखा जाएगा। मौजूदा शिक्षा सत्र से ही बच्चों के दाखिले शुरू कर दिए जाएंगे।
पीएमश्री स्कूलों के शुभारंभ के लिए शिक्षा निदेशक ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी कर दिए हैं। सभी स्कूलों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएससी) से मान्यता दिलाई जाएगी। चार वर्ष की विद्यालय विकास योजना बनेगी, जिसके अनुसार ढांचागत विस्तार किया जाएगा। स्कूलों में स्टाफ भी विशेष स्क्रीनिंग एवं प्रशिक्षण के जरिये लगाया जाएगा।
तीनों संकाय कला, विज्ञान तथा वाणिज्य की कक्षाएं संचालित की जाएंगी। यह विद्यालय जहां उत्कृष्टता के केंद्र होंगे, वहीं इनमें 21वीं सदी के कौशल प्रदान किए जाएंगे। पठन-पाठन गतिविधि आधारित एवं खोज आधारित होगा जिसमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण बनाने पर बल दिया जाएगा। खेल और कला की दक्षताओं के विकास की ढांचागत सुविधा होगी। पीएमश्री स्कूल हरित विद्यालय होंगे, जिन्हें कॉलेज और विश्वविद्यालय से जोड़ा जाएगा।