Logo
Header
img

हिमाचल में भाजपा का तूफानी चुनाव प्रचार

हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव में उम्मीदवारों की घोषणा के बाद भाजपा जहां धुआंधार चुनाव प्रचार कर रही है, वहीं कांग्रेस पार्टी सभी सीटों पर उम्मीदवारों के चयन में उलझी है और उनके नेता चुनावी तैयारियों की बैठकों तक ही सीमित रह गए हैं। सूबे की चार लोकसभा सीटों व छह विधानसभा सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार चुनाव प्रचार में खूब पसीना बहा रहे हैं। बालीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के चुनावी रण में उतरने से मंडी हॉट सीट बन गई है। मंडी संसदीय क्षेत्र में कंगना रनौत का तुफानी चुनाव प्रचार देखा जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर उनके चुनाव प्रचाकर का जिम्मा संभाले हुए हैं। प्रदेश भाजपा के अन्य बड़े नेताओं ने भी चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। दूसरी तरफ प्रदेश की सत्ता पर काबिज कांग्रेस पार्टी चुनावी तैयारियों की बैठकों तक सीमित रह गई है। कांग्रेस अभी तक किसी भी सीट पर उम्मीदवारों का एलान नहीं कर पाई है। कांग्रेस के नेता चुनाव प्रचार से दूर महज बैठकों में ही उलझे हुए हैं। प्रदेश में बेशक लोकसभा चुनाव आखिरी चरण में पहली जून को होने हैं, जिसके लिए अभी दो माह का समय है। लेकिन भाजपा ने चुनावी रण में अपने दिग्गजों को उतार कर मनोवैज्ञानिक बढ़त बना ली है। पूरे प्रदेश में भाजपा का चुनाव प्रचार रफ्तार पकड़े हुए है। वहीं कांग्रेस सरकार के मंत्री व पार्टी के आला नेता कार्यालयों तक ही सिमटे हुए हैं। कांग्रेस का चुनाव प्रचार धरातल पर नहीं उतरने से पार्टी कार्यकर्ता मायूस हो रहे हैं। भाजपा ने हमीपुर और शिमला लोकसभा सीटों पर 13 मार्च और मंडी व कांगड़ा सीटों पर 24 मार्च को उम्मीदवारों का एलान किया था। जबकि छह विधानसभा सीटों पर 26 मार्च को उम्मीदवार घोषित किये गए थे। सभी सीटों पर भाजपा उम्मीदवार तय होने के नौ दिन बाद भी कांग्रेस में टिकटों की उलझन है।
Top