Logo
Header
img

31.97 करोड़ के मालिक हैं कांग्रेस उम्मीदवार राजेन्द्र राणा

शिमला, 04 नवम्बर (हि.स.)। भाजपा दिग्गज और दो बार सीएम रहे प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल को हराकर हिमाचल की सियासत का रुख पलटने वाले राजेन्द्र राणा इस बार दोबारा कांग्रेस की टिकट पर सुजानपुर टिहरा से चुनाव मैदान में हैं। कभी धूमल के शिष्य रहे राजेन्द्र राणा ने सुजानपुर हल्के से धूमल को तब मात दी, जब भाजपा नेतृत्व ने उन्हें सीएम का चेहरा घोषित कर दिया था। राजेन्द्र राणा ने कड़े मुकाबले में बाजी मारकर सियासी सनसनी मचा दी थी। सुजानपुर हल्के से कांग्रेस के 56 वर्षीय राजेन्द्र राणा धनकुबेर उम्मीदवारों की सूची में शामिल हैं। उनके परिवार के पास 31.97 करोड़ की चल एवं अचल संपति है। नामांकन के दौरान चुनाव आयोग को दिए हलफनामे में राजेंद्र राणा के परिवार के नाम 1.65 करोड़ की चल और 30.32 करोड़ की अचल संपति है।

राजेन्द्र राणा के पास 85.25 लाख और पत्नी के पास 79.91 लाख की चल संपति है। उनके पास 11 लाख के आभूषण हैं। वहीं पत्नी के पास 20 लाख के गहने हैं। हलफनामे के मुताबिक राजेन्द्र राणा की 17.57 करोड़ और पत्नी की 12.75 करोड़ की अचल संपति है। राणा परिवार का चंडीगढ़ और मोहाली में 7 व्यवसायिक और रिहायशी भवन हैं। इसके अलावा उनके नाम कृषि और गैर कृषि जमीन भी है। राजेन्द्र राणा के नाम 17 लाख और 9 लाख की दो गाड़ियां हैं। उन पर 37.34 लाख की देनदारियां भी हैं। पिछले वितीय वर्ष में उन्होंने 23.88 लाख का आयकर भरा है। राजेंद्र राणा ने अपनी आय का जरिया व्यापार, विधायक का वेतन, व्यवसायिक व अन्य भवनों से आने वाला किराया और खेती है। भाजपा का सेना से सेवानिवृत्त अधिकारी पर दांव सुजानपुर हल्के से भाजपा ने इस बार सेवानिवृत्त कैप्टन रणजीत सिंह राणा पर दांव खेला है। पहली बार किस्मत आजमा रहे रणजीत सिंह राणा के परिवार की चल एवं अचल संपति 62.94 लाख है। चुनावी हलफनामे में रणजीत सिंह राणा के परिवार की चल संपति 39.67 लाख और अचल संपति 23.27 लाख है। रणजीत सिंह के नाम 21.82 लाख और पत्नी के नाम 17.85 लाख की चल संपति है। जिसमें कई बैंक खातों में जमा रकम और विभिन्न पॉलिसियां शामिल हैं। इसके अलावा रणजीत सिंह के पास 20.16 लाख और पत्नी के पास 3.11 लाख की एग्रीकल्चर, नॉन एग्रीकल्चर लैंड और रेजिडेंशियल बिल्डिंगज़ शामिल हैं। उन्होंने अपनी आय का स्त्रोत पेंशन और पत्नी समेत पारिवारिक सदस्यों की आय बताई है।
Top