हिमाचल प्रदेशः पोस्टल बैलेट के शुरुआती रुझान में भाजपा-कांग्रेस में कांटे का मुकाबला
शिमला, 08 दिसंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर गुरुवार सुबह 8:00 बजे मतगणना शुरू हो गई है। सबसे पहले पोस्टल बैलेट व सर्विस मतदाताओं के वोटों की गिनती हो रही है। शुरुआती रुझानों के मुताबिक भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर है।
भाजपा उम्मीदवार व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सिराज सीट से 3763 मतों से आगे चल रहे हैं। पूर्व मंत्री व कांग्रेस उम्मीदवार कौल सिंह ठाकुर 2421 मतों से पीछे चल रहे हैं। मंडी सीट से भाजपा के अनिल शर्मा 3927 मतों से आगे चल रहे हैं। शिलाई सीट से कांग्रेस के हर्षवर्धन चौहान 4735, किन्नौर से जगत सिंह नेगी 1257, सरकाघाट से कांग्रेस के पवन कुमार 2820, सुंदरनगर से भाजपा के राकेश जंबाल 9298, पच्छाद से भाजपा की रीना 3106, जुब्बल कोटखाई से भाजपा के चेतन बरागटा 3118, करसोग से भाजपा के दीप राज 3844, धर्मशाला से कांग्रेस के सुधीर शर्मा 2800 मतों से आगे चल रहे हैं।
प्रदेश के 59 स्थानों में बनाए गए 68 मतगणना केंद्रों पर मतगणना हो रही है। राज्य में आज मौसम खुशगवार बना हुआ है। विधानसभा चुनाव में 412 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर होने का अनुमान है। राज्य में 12 नवम्बर को रिकार्ड 75.60 फीसदी मतदान हुआ था।