बस्तर जिला मुख्यालय में आयकर विभाग की टीम ने शहर के एक सराफा कारोबारी की दुकान व घर में छापा मारा है। छापे के दौरान बड़ी मात्रा में सोना-चांदी और नगद रकम मिलने की खबर है। आयकर विभाग ने पारस ज्वेलर्स के संचालक पारस कोचर के घर को बंद करने के साथ ही पुलिस के जवानों को तैनात कर दिया है, वहीं किसी को भी न घर से बाहर जाने और न बाहर से अंदर आने ही दिया जा रहा है, जांच आज भी जारी होने की बात कही जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार की देर शाम करीब साढ़े 08 बजे पारस ज्वेलर्स में पड़े आयकर के छापे के दौरान पहले आयकर अधिकारियों ने दुकान से पूरा सामान जब्त कर इसे बंद करवा दिया। इसके बाद दुकान के ऊपर बने घर में भी उन्होंने दबिश दी, जांच शुक्रवार को भी दिनभर जारी रही। आयकर विभाग की टीम आज शनिवार को भी जांच कर रही है। आयकर विभाग की टीम कोई भी जानकारी देने के लिए अधिकृत नहीं होने की बात कह रही है। इन हालातों में छापे में क्या-क्या मिला है, इसकी पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है। सूत्रों की मानें तो छापे में करीब 15 से 20 किलो सोना और करीब 30 लाख रुपये नगद मिलने की खबर है।