Logo
Header
img

मप्रः निर्दलीय विधायक प्रदीप जायसवाल भाजपा में शामिल, मुख्यमंत्री ने दिलाई सदस्यता

भोपाल, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले दल-बदल का दौरा जारी है। इसी क्रम में बालाघाट जिले की वारासिवनी विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक प्रदीप जायसवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार देर शाम अपने निवास पर उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी मौजूद रहे। निर्दलीय विधायक प्रदीप जायसवाल 1998 से 2013 तक लगातार तीन बार कांग्रेस से विधायक रह चुके हैं। साल 2013 में उनको भाजपा प्रत्याशी डॉ. योगेंद्र निर्मल ने हरा दिया था। इसके बाद 2018 में कांग्रेस पार्टी से टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा और भाजपा प्रत्याशी डॉ. योगेंद्र निर्मल को चार हजार वोटों से हराया था। इसके बाद से उन्होंने कोई राजनीतिक पार्टी ज्वाइन नहीं की थी। प्रदीप जायसवाल ने 2018 में कांग्रेस की सरकार बनने पर कमलनाथ सरकार को अपना समर्थन दिया था। इसके बदले कांग्रेस ने उन्हें कैबिनेट मंत्री भी बनाया था, लेकिन ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके समर्थक विधायकों के भाजपा में जाने के बाद कमलनाथ सरकार गिर गई। इसके बाद सरकार बदलने पर जायसवाल ने अपना समर्थन भाजपा को दे दिया। जायसवाल ने जब शिवराज सिंह को समर्थन दिया तो उन्होंने जायसवाल को कैबिनेट मंत्री का दर्जा देकर खनिज विकास निगम का अध्यक्ष बनाया था। अब उन्होंने भाजपा की सदस्यता ले ली है। उनके आने से भाजपा को और मजबूती मिली है। भाजपा उन्हें विधानसभा चुनाव में बरघाट से उम्मीदवार बना सकती है।
Top