कठुआ, 09 मार्च (हि.स.)। टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की शानदार जीत के बाद कठुआ में जश्न का माहौल देखने को मिला। शहर के प्रसिद्ध शहीदी चैक पर युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां सभी ने मिलकर मैच का भरपूर लुत्फ उठाया और भारत की जीत का जोरदार जश्न मनाया।
जैसे ही भारत की जीत की खबर आई, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। उत्साहित युवाओं ने तिरंगा हाथ में लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाए। इस दौरान शहीदी चैक पर जमकर आतिशबाजी की गई, जिससे पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया। जश्न में सिर्फ युवा ही नहीं बल्कि छोटे-छोटे बच्चे भी पीछे नहीं रहे। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी तिरंगा लेकर खुशी जाहिर की और युवाओं के साथ मिलकर ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया। चारों ओर देशभक्ति के गीतों और नारों से माहौल गूंज उठा। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और गले मिलकर इस ऐतिहासिक जीत की खुशी साझा की। भारत की इस शानदार जीत ने कठुआ के लोगों में नया जोश भर दिया और देर रात तक शहीदी चैक पर जश्न का सिलसिला जारी रहा।
---------------