Logo
Header
img

अंतर्राष्ट्रीय शून्य अपशिष्ट दिवस

भोपाल, 30 मार्च। मध्य प्रदेश में सभी नगरीय निकायों में कचरा मुक्त शहर के लिए आज (गुरुवार को) "अंतरराष्ट्रीय जीरो वेस्ट दिवस" के मौके पर शाम को स्वच्छता मशाल मार्च निकाला जाएगा। इस मशाल मार्च का नेतृत्व महिला स्वच्छता लीडर्स द्वारा किया जाएगा। नगरीय विकास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा है कि प्रदेश का हर शहर इंदौर से प्रेरणा लेकर स्वच्छता में अग्रणी बने। इसी उद्देश्य से आज शाम को मशाल मार्च निकाला जा रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से स्वच्छता मशाल मार्च में शामिल होने का आग्रह किया है। भोपाल नगर निगम के आयुक्त कोलसानी ने बताया कि शहर में स्वच्छता को आंदोलन बनाने के लिए मशाल मार्च में स्थानीय जन-प्रतिनिधि, महिलाओं के समूह, स्व-सहायता समूह, स्वयंसेवी संगठन, महिला कर्मचारी, छात्राएँ एवं नागरिक शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि "अंतरराष्ट्रीय जीरो वेस्ट दिवस" पर निकायों में जीरो वेस्ट के प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। स्व-सहायता समूहों द्वारा उत्पादित जीरो वेस्ट आधारित सामग्री का विक्रय सह प्रदर्शनी का आयोजन होगा। कचरे से खिलौने आदि बनाने की प्रतियोगिताएं भी करायी जाएंगी। मशाल मार्च के समापन पर उपस्थित जन-समुदाय को स्वच्छता की शपथ दिलायी जाएगी।
Top