Logo
Header
img

भूस्खलन खतरे की जद में आए नौ परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया

जोशीमठ प्रखण्ड का पगनो ग्राम भूस्खलन की चपेट में है। लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण पेयजल लाइन और रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए हैं। एसडीएम के नेतृत्व में पहुंची प्रशासन की टीम ने खतरे की जद में आए नौ परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया।

पगनो गांव की ठीक ऊपर से हो रहे भूस्खलन के कारण ग्रामीण खासे परेशान हो चले हैं। लगातार भूस्खलन को देखते हुए एसडीएम कुमकुम जोशी के नेतृत्व में प्रशासन व वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर भूस्खलन प्रभावित ग्रामीणों की सुध ली। प्रशासन की टीम ने खतरे की जद मे आए नौ परिवारों को गांव मे ही सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया। इनके अलावा खतरे की जद मे आए प्राथमिक विद्यालय व आंगनबाड़ी केन्द्र को भी जूनियर हाईस्कूल में शिफ्ट कर दिया गया है।

एसडीएम ने पेयजल लाइन दुरुस्त करने व पैदल मार्ग की मरम्मत के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया। प्रशासन द्वारा एक परिवार को टेन्ट उपलब्ध कराया गया जबकि एक अन्य परिवार को किराए पर घर लेकर शिफ्ट किया, कुछ परिवारों ने अस्थाई आवास व्यवस्था के लिए टिन सीट की मांग की है।

भूस्खलन प्रभावित पगनो गांव के स्थल निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार अर्जुन सिंह बिष्ट, उप प्रभागीय वनाधिकारी एसएस रावत व राजस्व उप निरीक्षक चन्द्र प्रकाश रौंतियाल भी मौजूद रहे।

Top