Logo
Header
img

जेपी नड्डा आज त्रिपुरा में करेंगे चुनाव अभियान का आगाज

अगरतला (त्रिपुरा), 03 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज (शुक्रवार) त्रिपुरा में चुनाव अभियान का आगाज करेंगे। यह जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य ने यहां नड्डा के चुनाव प्रचार शुरू करने की पूर्व संध्या पर दी। उन्होंने कहा कि नड्डा पहली सभा को उनाकोटी जिले के कुमारघाट और दूसरी सभा को गोमती जिले के अमरपुर में संबोधित करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 07 और 08 फरवरी को जनसभाओं को संबोधित करेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 09 फरवरी को रैलियों को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो चरण की यात्रा में पश्चिम और दक्षिण त्रिपुरा जिलों में चुनाव रैलियों को संबोधित करेंगे। शाह त्रिपुरा दौरे के तीन चरण में 10 रैलियों और रोड शो में हिस्सा लेंगे। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सहित शीर्ष नेता भाजपा उम्मीदवारों के लिए प्रचार अभियान का नेतृत्व करेंगे। उधर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कई शीर्ष नेता कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) महासचिव सीताराम येचुरी, प्रकाश करात और माणिक सरकार सहित माकपा पोलित ब्यूरो सदस्य वामदलों के लिए प्रचार करेंगे। तृणमूल कांग्रेस के त्रिपुरा राज्य प्रभारी राजीव बनर्जी ने कहा है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित तृणमूल के सितारे अगले सप्ताह से त्रिपुरा में चुनाव प्रचार करेंगे। ममता और राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी 06 और 09 फरवरी को रोड शो और चुनाव रैलियों में शामिल होंगे।
Top