Logo
Header
img

शहीद जवान का सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार, गांववासियों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई

 बीते बुधवार को कठुआ शहर के बीचोबीच निकलने वाली नहर में नहाने गए सेना के जवान की डूबने से मृत्यु हो गई थी। जिनका गुरुवार को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में शोक की लहर है, हर एक ने नम आंखों के साथ अंतिम विदाई दी। वहीं परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

गुरुवार को 5 जैक राइफल के जवान कल्कि शर्मा का बरवाल में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। 25 वर्षीय कल्कि शर्मा नागपुर में एसएसबी की कोचिंग ले रहे थे और 1 अगस्त को अपने घर वापस लौटे थे और वही घाटी में उनकी पोस्टिंग थी। गुरुवार को उन्होंने वापस अपनी ड्यूटी पर जाना था। कहते हैं कि जन्म और मृत्यु जीवन का सत्य है। समय और स्थान भी पहले से तय रहता है और बीते कल भी वही हुआ। कल्कि शर्मा अपने दोस्तों संग जब नहर पर नहाने जा रहे थे, तो पहले ड्रीम पार्क में पहुंचे थे। लेकिन भारी भीड़ के चलते उन्होंने वहां पर नहाने का फैसला बदल दिया और उसी नहर के साथ लिंक मार्ग से होते हुए सावन चक की तरफ चले गए वहां भी उन्हें कोई उन्हें अच्छा स्थान स्नान के लिए नहीं मिला। बाद में उन्होंने मग्गर खड के समीप नहर में नहाने का फैसला लिया। वहां पहुंचते ही दोस्तों ने उन्हें थोड़ा रूककर स्नान करने के लिए कहा, लेकिन कल्कि शर्मा ने उनकी नहीं सुनी। उन्होंने कहा कि गर्मी बहुत ज्यादा है स्नान करने के बाद बैठते हैं। उन्होंने तुरंत कपड़े खोलकर नहर में छलांग लगा दी और डूब गए।

उनके अंतिम संस्कार में हर एक की आंखों में आंसू थे। हर एक उनके बचपन की बातें याद कर रोता नजर आया। सभी की जुबान पर एक ही बात थी कि बहुत ही नेक और होनहार बच्चा था।

उसके मित्र ने बताया कि छोटी उम्र में उसने भारतीय सेना को ज्वाइन किया था। और जब उसे पूछा गया कि 10वीं और 12वीं में अच्छे अंक प्राप्त करने के बाद भी उसने भारतीय सेना क्यों चुनी, तो उसने बताया था कि मैं आत्मनिर्भर बनना चाहता हंू। देश की रक्षा करने के साथ-साथ वह एसएसबी की तैयारी कर रहे थे और नागपुर में कोचिंग ले रहे थे और उन्होंने एक टेस्ट भी पास कर लिया था और आने वाले दिनों में उन्होंने एक ऑफिसर के तौर पर ड्यूटी करनी थी, लेकिन भगवान को कुछ और ही मंजूर था।

उनकी मृत्यु से उनके पिता का रो रो के बुरा हाल था। कल्कि शर्मा की एक बड़ी बहन है जिसकी शादी हो चुकी है। अब घर में उनके माता-पिता अकेले रह गए, उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


Top