नोएडा, 11 अगस्त (हि.स.)। साइबर अपराधियों ने शेयर मार्केट में इन्वेस्टमेंट कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 19 लाख 50 हजार रुपये ठग लिया। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर साइबर क्राइम पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि सुनील कुमार वर्मा निवासी सेक्टर 12 ने बीती रात को थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनसे संपर्क किया। उन्होंने शेयर मार्केट में निवेश करने पर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया।
उन्होंने बताया कि पीड़ित के अनुसार, उन्होंने साइबर अपराधियों की बातों में आकर निवेश करना शुरू कर दिया। शुरुआत में उन्हें कुछ फायदा दिखाई दिया। जब उन्हें विश्वास हो गया कि यह कंपनी सही है तो उन्होंने धीरे-धीरे करके 19,50,000 साइबर अपराधियों के बताए गए विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिया। पोर्टल पर उन्हें अपनी रकम काफी बढी हुई दिख रही थी। जब उन्होंने रकम निकालने का प्रयास किया तो साइबर अपराधियों ने टैक्स आदि के नाम पर उनसे और रकम की मांग की।
उन्होंने बताया कि पीड़ित को साइबर ठगी की आशंका हुई तथा उन्होंने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि साइबर क्राइम पुलिस मामले की जांच कर रही है।