राजीव गांधी जयंती पर कांग्रेस का वॉक फॉर इंडिया अहमदाबाद में कांग्रेस की वॉक फॉर इंडिया पदयात्रा में सोमवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहित समेत कई नेता शामिल हुए। इस अवसर पर गोहिल ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस को लोगों का समर्थन मिल रहा है और विभिन्न दलों के नेता कांग्रेस से जुड़ रहे हैं।
देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में कांग्रेस की ओर से वॉक फॉर इंडिया पदयात्रा निकाली गई। अहमदाबाद में सरदार बाग से प्रदेश कार्यालय तक यात्रा निकाली गई, जिसमें अमित चावडा, शैलेश परमार, सिद्धार्थ पटेल समेत बड़ी संख्या में नेता-कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस अवसर पर शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि आम आदमी पार्टी हो या भाजपा, सभी दलों से लोग कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। भाजपा से मोहभंग होने के बाद सभी वर्ग के लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के कई नेता पिछले दिनों कांग्रेस से जुड़े हैं। अमूल डेयरी के निदेशक कांग्रेस से जुड़े, जेतपुर नगर पालिका के पूर्व प्रमुख कांग्रेस से जुड़े हैं।