Logo
Header
img

संसद भवन के सेंट्रल हॉल में याद किए गए पूर्व लोकसभा अध्यक्ष बलि राम भगत

नई दिल्ली, 07 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष बलि राम भगत की जयंती पर आज संसद भवन के सेंट्रल हॉल में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय के राज्य मंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा ने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में बाली राम भगत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

लोकसभा सचिवालय और राज्यसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पुष्पांजलि अर्पित की।

स्वतंत्रता सेनानी तथा व्यापक संसदीय अनुभव संपन्न और संसदीय पद्धतियों और प्रक्रियाओं के ज्ञाता, बली राम भगत को 5 जनवरी, 1976 को पांचवीं लोकसभा का अध्यक्ष चुना गया था। वह अंतरिम संसद पहली, दूसरी, तीसरी, चौथी, पांचवी, सातवीं और आठवीं लोकसभा के सदस्य रहे। केंद्रीय मंत्री के रूप में उन्होंने वित्त, योजना, रक्षा, विदेश, विदेश व्यापार और आपूर्ति, इस्पात और हैवी इंजीनियरिंग सहित अनेक महत्वपूर्ण मंत्रालयों का कार्यभार संभाला। उन्होंने फरवरी, 1993 से चार महीने के लिए हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल तथा 30 जून, 1993 से 1 मई 1998 तक राजस्थान के राज्यपाल का कार्यभार संभाला।

बली राम भगत का निधन 2 जनवरी 2011 को नई दिल्ली में हुआ।

इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले विशिष्टजनों को लोकसभा सचिवालय द्वारा हिंदी और अंग्रेजी में प्रकाशित दादाभाई नारोजी के जीवनवृत्त वाली पुस्तिका भी भेंट की गई।

Top