नई दिल्ली, 07 दिसंबर (हि.स.)। संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन लोकसभा में बुधवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और आठ पूर्व दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने पर मुलायम सिंह यादव और आठ पूर्व सदस्यों के निधन के बारे में सूचित किया। उन्होंने मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक जीवन का जिक्र करते हुए कहा, “मुलायम सिंह यादव के सरल व्यक्तित्व के कारण उनकी लोकप्रियता सभी दलों में थी। अनुभवी नेता होने के कारण उनका मार्गदर्शन सदन को हमेशा मिलता रहा।”
उल्लेखनीय है क समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव मौजूदा लोकसभा के सदस्य थे। उनका गत 10 अक्टूबर को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था।
लोकसभा अध्यक्ष ने आठ पूर्व सदस्यों के.जे. सुंदर लाल, रुपलाल पाल, देबी घोषाल, थान सिंह जाटव, गोविंद चंद्र नस्कर, माणिक राव गावित, जयंती पटनायक और जी कृष्णा के निधन के बारे में भी सदन को सूचित किया।
इसके बाद सदन ने कुछ देर मौन रखकर दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी। उसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
दोबारा 12 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने पर अध्यक्ष ने महत्वपूर्ण दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाएं। तत्तपश्चात शून्यकाल की कार्यवाही शुरू की। इस दौरान आंध्र प्रदेश के अमलापुरम लोकसभा क्षेत्र से वाईएसआरसीपी सांसद चिंता अनुराधा ने लोकसभा में कामकाजी महिलाओं के लिए हर माह आने वाली माहवारी के लिए सवैतनिक अवकाश की वकालत की। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से महिलाओं 2 दिन की अवधि के अवकाश लागू करने का आग्रह किया। वहीं, महाराष्ट्र से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले ने सदन में महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद का मुद्दा जोर शोर से उठाते हुए इसके शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि इन दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार है,ऐसे में मामले का जल्द निपटारा होना चाहिए।
इसके बाद भोजनावकाश के लिए दो बजे तक सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।