-अलीगंज के विभिन्न क्षेत्रों में चलाया गया अभियान, 04 नए लाइसेंस भी बनाए
लखनऊ, 24 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पालतू कुत्तों के लाइसेंस संबंधी नियमों को लेकर नगर निगम लखनऊ अब सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में शनिवार सुबह नगर निगम द्वारा जोन-03 अंतर्गत अलीगंज के विभिन्न क्षेत्रों सेक्टर जे, एल तथा महानगर के आस पास में पालतू कुत्तों के लाइसेंस की चेकिंग के लिए विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर पशु कल्याण की टीम द्वारा सुबह 06:30 बजे प्रारंभ किया गया। अभियान में प्रवर्तन दल, डॉग कैचिंग स्क्वाड एवं निगम कर्मी अभिनव भारती, राजेश उपाध्याय, शिवेक, फुरकान आदि उपस्थित रहे।
अभियान के दौरान बिना लाइसेंस श्वान पालने के मामले सामने आने पर 04 व्यक्तियों से जुर्माना वसूला गया। जुर्माना जमा करने के साथ ही मौके पर ही 04 लाइसेंस भी जारी किए गए। कुल मिलाकर 24 हजार रुपये नगर निगम कोष में जमा किए गए। कई लोग ऐसे मिले जिनका लाइसेंस तथा वैक्सीनेशन पूर्ण था।नगर निगम आंकड़ों के अनुसार लखनऊ नगर निगम क्षेत्र में लगभग 10 हजार पालतू कुत्ते पंजीकृत या अपंजीकृत अवस्था में रह रहे हैं। अभी मात्र 3400 लाइसेंस ही बने हैं, नगर निगम का यह अभियान इस संख्या को नियंत्रित करने एवं सार्वजनिक सुरक्षा व स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है।
लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया
कुत्ते का लाइसेंस केवल रैबीज टीकाकरण प्रमाण पत्र और पालतू पशु अनुज्ञप्ति, नियंत्रण तथा विनिमयन उपविधि 2025 के पालन संबंधी शपथ पत्र के आधार पर जारी किया जाता है। लाइसेंस ऑनलाइन नगर निगम की वेबसाइट lmc.up.nic.in पर बनाया जा सकता है या पशु कल्याण अधिकारी कार्यालय, लालबाग में भी आवेदन किया जा सकता है।
पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने बताया अभियान के माध्यम से लोगों में लाइसेंस तथा रैबीज जैसी जानलेवा बीमारी के प्रति जागरूक करना है। नगर निगम लाइसेंस, वैध एंटी रैबीस प्रमाण पत्र देखने के बाद ही निर्गत कर्ता है। डॉ. अभिनव वर्मा ने सभी पालतू श्वान मालिकों से अपील की कि वे नियमों का पालन करते हुए अनिवार्य रूप से लाइसेंस बनवाएं, रैबीज टीकाकरण समय पर कराते रहें, तथा कुत्ते को टहलाते समय मजबूत लीश का प्रयोग अवश्य करें। सहायता के लिए जयंत सिंह 9511156792 और अफसर अली 9721095021 के नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।