शहर के कांके रोड स्थित कैंब्रियन पब्लिक स्कूल में संस्कृत सप्ताह (21 से 26 अगस्त) के तहत शुक्रवार को कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आरंभ उप प्रधानाचार्य उज्ज्वल कुमार नायक एवं मुख्य समन्वयक आशा राज ने दीप जलाकर किया।
कार्यक्रम में बच्चों ने श्रीमद्भगवद्गीता के चतुर्थ अध्याय का पाठ ''मृदपि च चंदनमस्मिन् देशे'' संस्कृत गीत एवं शिव तांडव स्तोत्र पर नृत्य की प्रस्तुति दी। कक्षा दसवीं की छात्रा शुभांगी पटेल ने संस्कृत भाषा में संभाषण प्रस्तुत किया। विद्यालय में संस्कृत में श्लोक एवं गीत प्रतियोगिता आयोजित की गई। साथ ही छात्रों ने पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया।
मौके पर उप प्रधानाचार्य ने कहा कि संस्कृत भाषा के उच्चारण मात्र से कई प्रकार के प्राणायाम हो जाते हैं। इससे मानसिक एकाग्रता बढ़ती है और बच्चों के उच्चारण दोष का निवारण किया जा सकता है। विद्यालय के संस्कृत शिक्षक अभय नाथ मिश्र ने कहा कि संस्कृत एक वैज्ञानिक भाषा है। केवल भौतिक उन्नति से मानव का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। इसके लिए आध्यात्मिक उन्नति अत्यंत आवश्यक है। इसकी पूर्ति संस्कृत भाषा के द्वारा की जा सकती है। मुख्य समन्वयक आशा राज ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में संस्कृत और संस्कृति के प्रति रुचि बढ़ती है। यह भाषा हमारे देश की पहचान और हमारा स्वाभिमान है ।
कार्यक्रम में इभा रानी, सुचित्रा सिन्हा एवं सुषमा तिवारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन दसवीं की छात्रा सौम्या सृष्टि ने किया।