उरई, 17 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के सफल कार्यकाल काे लेकर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की और इन 12 वर्षों को "विश्वास, विकास और जनकल्याण" को समर्पित बताया। इसी क्रम में बुधवार को उरई शहर के जेल रोड स्थित अमन रॉयल गेस्ट हाउस में एक सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद ने माेदी सरकार की 12 सालों की उपलब्धियों को जनता के सामने रखते हुए कहा कि उ 12 वर्षों की उपलब्धियों का जश्न मनाया जा रहा है । उन्होंने कहा कि आजादी के बाद जो विकास होना चाहिए था, वह इन 12 वर्षों में अंतिम पायदान पर पहुंचकर पूरा हुआ है। इस अवधि में लगभग 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया। जनकल्याण के जो कार्य होने चाहिए थे, वे पूर्णता को प्राप्त हुए हैं। इसका उदाहरण देते हुए बताया गया कि 81 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है, 4 करोड़ से अधिक पक्के मकान बनाए गए हैं, और 11 करोड़ से अधिक लोगों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन मिले हैं। वक्ता ने कहा कि पहले लोग जनता का विश्वास जीतने के लिए हथकंडे अपनाते थे, लेकिन विकास के कार्य कोई नहीं करता था। मोदी सरकार के कामकाज ने जनता में विश्वास पैदा किया है, जो लगातार बना हुआ है और आगे भी कायम रहेगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत योजना के तहत 60-70 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज, और जन धन योजना के तहत 32 करोड़ से अधिक महिलाओं के बैंक खाते खोले गए। राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार 91,000 किमी से बढ़कर 1.46 लाख किमी हुआ, हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 164 हुई, और मेट्रो नेटवर्क 248 किमी से बढ़कर 1,100 किमी से अधिक हो गया। भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। यूपीआई लेनदेन 2,125 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है और भारत वैश्विक डिजिटल भुगतान का लगभग आधा हिस्सा है। 'मेक इन इंडिया' को बढ़ावा देते हुए रक्षा उत्पादन में वृद्धि हुई है और भारत का रक्षा निर्यात 38,400 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ और महाकाल लोक का पुनर्विकास जैसे कार्य हुए हैं। इस दौरान जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।