Logo
Header
img

सीसीआरवाईएन नई दिल्ली व आयुर्वेद विश्वविद्यालय में एमओयू

डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय द्वारा सेंट्रल काउंसिल फॉर रिसर्च इन योगा एंड नैचुरोपैथी (सीसीआरवाईएन) नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में योगा अनप्लग्ड कार्यक्रम का उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ। 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योगा फॉर वन अर्थ-वन हेल्थ ( योग फॉर एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य) थीम पर आधारित पांच दिवसीय योग कार्यक्रमों की श्रृंखला का विधिवत शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) प्रदीप कुमार प्रजापति ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि सम्पूर्ण जीवन प्रणाली है, जो पृथ्वी व स्वास्थ्य के संतुलन को कायम रखने का सार्वकालिक समाधान प्रस्तुत करता है। मुख्य अतिथि पूर्व कुलपति प्रोफेसर बनवारी लाल गौड़ ने योग की भारतीय परंपरा और वैज्ञानिक प्रामाणिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा किविश्व योग दिवस भारत की सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का एक सफल प्रयास है। आज आवश्यकता है कि युवा पीढ़ी योग को जीवनशैली में अपनाए।

विशिष्ट अतिथि सीसीआरवाईएन के अतिरिक्त निदेशक सुरेश संधू ने सीसीआरवाईएन एवं विश्वविद्यालय के बीच हुए एमओयू को एक ऐतिहासिक पहल बताया और कहा कि यह सहयोग न केवल अनुसंधान को बढ़ावा देगा बल्कि योग और प्राकृतिक चिकित्सा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाएगा। उद्घाटन समारोह में एसएलबीएस निदेशक प्रियंका गोदारा, कुलसचिव अखिलेश कुमार पीपल, डीन एकेडमिक प्रोफेसर महेंद्र कुमार शर्मा ने मंच साझा किया।

इस अवसर पर लक्ष्य पर्यावरण संरक्षण संस्था द्वारा आरंभ किए गए नवीन पंचगव्य कोर्स की बुकलेट का विमोचन किया गया। साथ ही आरोग्यम वेलनेस के निदेशक डॉ. अरुण त्यागी को पंचकर्म टेक्नीशियन कोर्स की स्वीकृति का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में पूर्व प्राचार्य प्रो. गोविंद सहाय शुक्ला, पीजीआईए प्राचार्य प्रो. चंदन सिंह, होम्योपैथिक प्राचार्य डॉ. गौरव नागर, नर्सिंग प्राचार्य डॉ. दिनेश राय, परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजाराम अग्रवाल, सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के सदस्य, विद्यार्थीगण एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।

Top