Logo
Header
img

मप्र: आम आदमी पार्टी का दावा, विधानसभा चुनाव में जीतेंगे 150 से ज्यादा सीटें

भोपाल, 30 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव में 150 से ज्यादा सीेटें जीतने का दावा किया है। इसके साथ ही विधानसभा चुनाव में जीत के भाजपा और कांग्रेस के दावों को हवा- हवाई करार दिया है। आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने कहा है कि दोनों ही पार्टियों के नेताओं का कॉन्फिडेंस डगमगा गया है। भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के जीत के दावे निराशा और हताशा में दिए गए बयान हैं। दोनों ही पार्टियां जनता को भ्रमित कर ये दिखाना चाहती हैं कि प्रदेश में उनकी सरकार बन रही है लेकिन भाजपा और कांग्रेस दोनों राजनीतिक दलों के नेता ये अच्छे से जानते हैं कि मध्य प्रदेश में जमीनी हकीकत क्या है।

रानी अग्रवाल ने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां जनता का भरोसा खो चुकी हैं। 60 साल से ज्यादा वक्त तक दोनों ही पार्टियों ने प्रदेश में राज किया लेकिन जनता के लिए दोनों ने ही कोई काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि दिखावे के लिए भले ही भाजपा और कांग्रेस एक दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ती हों, इनके नेता एक दूसरे के खिलाफ बयानबाजी करते हों लेकिन ये दोनों राजनीतिक दल मौसेरे भाई नहीं बल्कि सगे भाई हैं। दोनों पार्टियां आपस में मिली हुई हैं। ये बात अब मध्य प्रदेश की जनता भी समझ गई है।

रानी अग्रवाल ने मंगलवार को अपने बयान में कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का मध्य प्रदेश में कांग्रेस की 150 सीटें जीतने का दावा बताता है कि कांग्रेस ने एमपी में पहले ही हार मान ली है। करीब 100 से ज्यादा सीटों पर अपनी हार को पहले ही तय मान चुके हैं और ये साबित कर दिया कि कांग्रेस अब केवल 150 सीटों पर ही लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों की मध्य प्रदेश में जमीन खिसक चुकी है और जनता अब बदलाव चाहती है। मध्य प्रदेश में आम आदमी पार्टी को अब जनता विकल्प के तौर पर देख रही है। उन्होंंने कहा कि आम आदमी पार्टी को मध्य प्रदेश में मिल रहे अपार जनसमर्थन से भाजपा और कांग्रेस बौखलाई हुई हैं और दोनों पार्टियों के नेताओं का कॉन्फिडेंस डगमगा गया है। जनता को भ्रमित करने के लिए दोनों पार्टियों के नेता अपनी अपनी सरकार बनने के दावे कर रहे हैं।

वहीं रानी अग्रवाल ने दावा किया कि मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के सरकार बनाने के दावे केवल हवा-हवाई हैं। दोनों ही राजनीतिक पार्टियां जानती हैं कि अबकी बार उनकी सरकार नहीं आने वाली। मध्य प्रदेश में आम आदमी पार्टी को जिस तरह अपार जनसमर्थन हासिल हो रहा है और माहौल दिख रहा है उससे ये बात साफ है कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी 150 से ज्यादा सीटें जीतने जा रही है। उन्होंने कहा कि अब चुनाव में वक्त है। जैसे-जैसे चुनाव करीब आएंगे भाजपा और कांग्रेस के कई बड़े नेता आम आदमी पार्टी के साथ खड़े नजर आएंगे। दोनों ही पार्टियों में असंतुष्ट नेताओं की एक लंबी लिस्ट है और आम आदमी पार्टी की सक्रियता देख दोनों पार्टियों के नेता डरे हुए हैं।

सिंगरौली महापौर ने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है। जनता भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों का चेहरा पहचान गई है और आम आदमी पार्टी की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है। मध्य प्रदेश में हम 150 से ज्यादा सीटें जीतकर अपनी सरकार बनाने जा रहे हैं।


Top