Logo
Header
img

मप्र की पैरा कैनो खिलाड़ी प्राची ने रचा इतिहास, पेरिस पैरालंपिक के लिए किया क्वालीफाई

भोपाल, 25 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की होनहार पैरा कैनो खिलाड़ी प्राची यादव ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। प्राची ने शुक्रवार को जर्मनी के ड्युसबर्ग में आयोजित पैरा कैनो वर्ल्ड चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर पेरिस पैरालंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इसके अलावा पूजा ओझा ने अपने इवेंट में रजत पदक जीता है लेकिन यह पैरालंपिक इवेंट नहीं था। भारत के सभी टीम और खिलाड़ियों ने फाइनल तक पहुंचकर भारत का नाम रोशन किया है। 

इस चैंपियनशिप में पैरा इवेंट में 45 देशों की टीमें भाग ले रही हैं। भारत की प्राची यादव केएल 2 ए इवेंट के फाइनल मुकाबले में पानी में उतरी थी, उन्होंने इसमें शानदार प्रदर्शन किया और चौथा स्थान पाया। प्राची भले ही पदक जीतने में सफल नहीं रही लेकिन वह पेरिस पैरालंपिक के लिए क्वालीफाई करने में सफल रही है। इस वर्ल्ड चैंपियनशिप में शीर्ष छह खिलाड़ियों को पैरालंपिक का टिकट मिलता है। प्राची इससे पहले टोक्यो पैरालंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी है। प्राची ने अपनी इस उपलब्धि पर कहा कि मैं अपने प्रदर्शन से संतुष्ट हूं, थोड़ा और मेहनत करती तो पदक जीत सकती थी, अब नजरें एशियन गेम्स के दो पदकों पर हैं। 

पैरालंपिक के लिए एक साल का समय है। कड़ी मेहनत कर देश के लिए पदक जीतने का प्रयास करूंगी। उन्होंने कहा कि पिछली वर्ल्ड चैंपियनशिप में 10वें स्थान पर रहते हुए टोक्यो का सफर तय किया था। टोक्यो में मैं आठवें स्थान पर रही थी, इस बार चौथे स्थान पर रहते हुए पेरिस जा रही हूं तो मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है। प्राची ने कहा कि भारतीय पैरा टीम के मुख्य कोच मयंक ठाकुर व मप्र अकादमी के कोच पीयूष कांति बरोई ने पूरा सहयोग दिया है। उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम 19 अगस्त को भोपाल से रवाना हुई थी। भारतीय टीम ने भोपाल के छोटे तालाब पर लगभग दो माह तक प्रशिक्षण प्राप्त किया। भारतीय पैरा कयाकिंग एंव कैनाइंग के चेयरपर्सन और मुख्य कोच मयंक ठाकुर के मार्गदर्शन में टीम ने तैयारी की थी।
Top