Logo
Header
img

राष्ट्रीय ईएमआरएस सांस्कृतिक, साहित्यिक और कला उत्सव-2023 का आज शाम होगा आगाज

-केंद्रीयमंत्री अर्जुन मुंडा और मुख्यमंत्री धामी होंगे मुख्य अतिथि

देहरादून, 03 अक्टूबर (हि.स.)। चार दिवसीय चौथे राष्ट्रीय एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) सांस्कृतिक, साहित्यिक और कला उत्सव- 2023 का आज शाम महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में शुभारंभ होगा। मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा और मुख्यमंत्री धामी होंगे।इस कार्यक्रम में देश भर से 1500 से अधिक एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) के विद्यार्थी भाग लेंगे। इस दौरान बच्चे कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। राष्ट्रीय शिक्षा सोसायटी (एनईएसटीएस) के तत्वावधान में सांस्कृतिक, साहित्यिक और कला उत्सव का समापन छह अक्टूबर को होगा। यह आयोजन एकलव्य विद्यालय संगठन समिति (ईवीएसएस), उत्तराखंड की मेजबानी होगा। केंद्रीयमंत्री अर्जुन मुंडा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जनजातीय मामलों की राज्य मंत्री रेणुका सिंह सरुता शाम साढ़े चार बजे कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। उल्लेखनीय है कि आदिवासियों को मुख्यधारा के साथ जोड़ने और उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में विकास के समान अवसरों तक पहुंचने में मदद करने की आवश्यकता को समझते हुए, मंत्रालय प्रति वर्ष ईएमआरएस सांस्कृतिक उत्सव और खेल प्रतियोगिता का आयोजन करता है। इससे आदिवासी छात्रों को विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए राष्ट्रीय मंच प्रदान किया जाता है। दूरदराज के जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले जनजातीय छात्रों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए 2018-19 में इस योजना को नया रूप दिया गया। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा दिल्ली से हवाई मार्ग से दोपहर करीब तीन बजे जौली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज पहुंचेंगे। केंद्रीय मंत्री रात करीब आठ बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
Top